Nepal airport: नेपाल के काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार शाम अचानक उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि रनवे की एयरफील्ड लाइटिंग प्रणाली में तकनीकी खराबी आने के कारण सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें फिलहाल विलंबित कर दी गई हैं। एयरपोर्ट के प्रवक्ता रेंजी शेरपा ने बताया कि यह समस्या स्थानीय समयानुसार शाम 5:30 बजे सामने आई। खराबी के चलते कम से कम पांच उड़ानें रनवे पर ही रोक दी गईं, जबकि अन्य विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।
तकनीकी खराबी से रुकी उड़ानें
अधिकारियों के अनुसार, रनवे पर लगी लाइटों में गड़बड़ी के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे उड़ान संचालन असुरक्षित हो गया। जैसे ही यह समस्या सामने आई, हवाई अड्डे पर सभी आगमन और प्रस्थान को रोक दिया गया। तकनीकी टीम को तुरंत सुधार कार्य में लगाया गया है और हवाई अड्डे पर यात्रियों को सहायता प्रदान की जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और अपडेट के लिए आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की है।
दिल्ली एयरपोर्ट के बाद दूसरी बड़ी गड़बड़ी
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण लगभग 800 उड़ानें प्रभावित हुई थीं। अब नेपाल के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इसी तरह की समस्या सामने आने से विमानन सेवाओं में फिर से व्यवधान उत्पन्न हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही त्रिभुवन एयरपोर्ट पर लाइटिंग सिस्टम बहाल कर परिचालन सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।