Nepal Flash Flood Update---नेपाल में 26 अगस्त की विनाशकारी फ्लैश फ्लड के नौ दिन बाद राहत और बचाव अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरंग के भीतर से इंसानी आवाज सुनाई देने के बाद रेस्क्यू टीम ने तेजी से अभियान चलाया और पहले संजय साह, फिर कबीर महार्जन को बाहर निकाला। हालांकि, अभी भी कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
सुरंग से मिली जिंदगी की खबर
शुक्रवार को रेस्क्यू टीम ने त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से दो लोगों को जिंदा बाहर निकाला। बचाए गए लोगों की पहचान मैकेनिकल फोरमैन संजय साह और मैकेनिकल सुपरवाइजर कबीर महार्जन के रूप में हुई है। पहले संजय साह को सुरंग से बाहर लाया गया और इसके बाद कबीर महार्जन को भी सुरक्षित निकाल लिया गया।
आवाज सुनते ही तेज हुआ ऑपरेशन
रेस्क्यू टीम को सुरंग के अंदर से इंसानी आवाजें सुनाई दी थीं। इसके बाद बचाव दल ने अंदर मौजूद लोगों से संपर्क करने की कोशिश की। टीम ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अंदर से जवाब मिलने के बाद बचाव अभियान को और तेज कर दिया गया।
अभी कई लोगों की तलाश जारी
नेपाल के सांसद राम नेउपाने के मुताबिक नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल ने ऑपरेशन को तेज किया और सुरंग के अंदर फंसे लोगों से संपर्क स्थापित किया। रेस्क्यू टीम को आशंका है कि अभी भी कुछ लोग सुरंग के भीतर मौजूद हो सकते हैं। ऐसे में बचाव दल लगातार उनकी तलाश में जुटा है।
900 से ज्यादा कर्मचारी लापता
26 अगस्त की फ्लैश फ्लड ने नेपाल के कई हिस्सों में भारी तबाही मचाई। बाढ़ के बाद 12 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स से जुड़े 900 से ज्यादा कर्मचारियों के लापता होने की जानकारी सामने आई। रसुवा और नुवाकोट में करीब 500 कर्मचारियों के सुरंगों में फंसे होने की आशंका जताई गई है। कई कर्मचारियों ने बाढ़ के दौरान मदद के लिए आवाज भी लगाई थी।
रेस्क्यू अभियान लंबा खिंचने के कारण सुरंगों के भीतर ऑक्सीजन का स्तर चिंता का विषय बना हुआ है। अंदर से एक से ज्यादा लोगों की आवाज सुनाई देना हालांकि उम्मीद बढ़ाने वाला संकेत है। बचाव दल अब पूरी सावधानी के साथ सुरंगों में आगे बढ़ रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।