एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय दैनिक की रिपोर्ट के अनुसार, चीन 26 अगस्त को ग्लेशियर के टूटने के बाद तिब्बत में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से हुई तबाही को दिखाने वाले वीडियो डिलीट कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ग्लेशियर टूटने से ल्हेंडे खोला और फिर भोटे कोशी और त्रिशूली नदी प्रणालियों में कीचड़, चट्टान और पानी का एक बड़ा सैलाब आ गया, जिससे नेपाल-तिब्बत सीमा पर बड़े पैमाने पर तबाही हुई।
नेपाल में 579 मौतें हुई थीं
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस आपदा में पहले ही कई लोग हताहत हो चुके हैं। 28 अगस्त तक नेपाल में 579 मौतें हुई थीं और लगभग 1,924 लोग अभी भी लापता हैं। चीनी पक्ष में, तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी में आधिकारिक तौर पर पांच मौतें और 558 लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी, जिनमें 260 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
तीन हजार से अधिक लोग लापता
उत्तरी भारत में नदियों से दस शव भी बरामद किए गए थे। रविवार को नेपाल और तिब्बत में संयुक्त रूप से मरने वालों की संख्या 750 तक पहुंच गई थी और 3,000 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। अकेले नेपाल में 734 मौतें और 2,498 लोग लापता हैं।
लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे
हालांकि, रिपोर्ट में चीनी पक्ष पर विनाश के पैमाने को दिखाने वाले वीडियो को कथित तौर पर हटाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इजरायली मीडिया के अनुसार, बाढ़ आने के कुछ घंटों के भीतर ही चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस आपदा के वीडियो प्रसारित होने लगे। सुरक्षा फुटेज में कीचड़ और मलबे की एक विशाल दीवार को ग्यिरोंग पोर्ट पर इमारतों पर गिरते हुए दिखाया गया, जबकि लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे।
गतिविधि के बजाय आपदा का फुटेज
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस लोकेशन और फुटेज की बाद में अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने पुष्टि की। रिपोर्ट में भूटानी पत्रकार का हवाला दिया गया, जिसने चीनी प्लेटफॉर्म से बाढ़ के फुटेज हटाए जाने पर प्रकाश डाला और इस बात पर जोर दिया कि यह सामग्री राजनीतिक विरोध या सरकार विरोधी गतिविधि के बजाय आपदा का फुटेज था।