दिल्ली स्वीट्स की दुकान पर काम करने वाले नेपाली कारीगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कारीगर को परिजनों को सूचित कर दिया।
दुकान मालिक शुभम ने बताया, वह मयूर विहार में रहते हैं और जागृति विहार में उनकी दिल्ली स्वीट्स के नाम से मिठाई की दुकान हैं। उन्होंने बताया, पिछले 15 सालों से उनके यहां नेपाल निवासी गोपाल दुकान पर काम कर रहा था और जय भीम नगर में किराए के मकान में रहता था।
शुभम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी
शुभम ने बताया, शनिवार देर रात सूचना मिली थी कि गोपाल नशे में पड़ा हुआ है। इसके बाद अन्य कारीगर उसे उठाकर गोदाम में ले गए थे, जहां वह सो गया। रविवार सुबह जब गोदाम खोल कर उसे जगाने का प्रयास किया गया तो वह नहीं उठा। इसके बाद शुभम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
अत्यधिक शराब के सेवन से मौत की संभावना
पुलिस ने मौके पर जाकर घटनास्थल की पड़ताल की। मेडिकल कालेज थाना प्रभारी सतवीर अत्री ने बताया, गोपाल की पत्नी पहले उसके साथ मेरठ में रहती थी। कुछ समय पहले पारिवारिक विवाद के कारण वह उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से गोपाल अकेला रह रहा था। प्रारंभिक जांच में ठंड और अत्यधिक शराब के सेवन से मौत संभावना लग रही है। कारीगर के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। कारीगर की मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा।