
नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के फैसले ने पड़ोसी भारत तक तनाव फैला दिया है। सोमवार से शुरू हुआ Gen Z का उग्र आंदोलन अब नेपालगंज होते हुए उत्तर प्रदेश के बहराइच बॉर्डर तक पहुंच गया। हालात इतने बिगड़ गए कि नेपालगंज प्रशासन को भीड़ काबू करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया और सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर आ गए।
रुपईडीहा बॉर्डर पर कड़ी चौकसी
इंडो-नेपाल बॉर्डर रुपईडीहा पर अब भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। आवागमन को सीमित कर दिया गया है। सीमा पर आने-जाने वालों की कड़ी जांच हो रही है। भारत में मौजूद नेपाली नागरिकों की आईडी जांचकर उन्हें वापस नेपाल भेजा जा रहा है। सीमा रातभर बंद रहने के बाद मंगलवार सुबह आंशिक रूप से खोला गया, लेकिन लोग अब भी डर के साये में हैं और आवाजाही से बच रहे हैं।
नेपालगंज में भड़की हिंसा
नेपालगंज में सोशल मीडिया बैन के विरोध में मंगलवार को हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने जगह-जगह तोड़फोड़ और आगजनी की। यहां तक कि सीमा पर रखे बैरिकेड्स को भी आग के हवाले कर दिया। प्रशासन ने भीड़ को काबू में करने के लिए हवाई फायरिंग और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। चश्मदीदों के मुताबिक, सोमवार को हुए प्रदर्शनों में सुरक्षा बलों और युवाओं के बीच भिड़ंत में 19 लोगों की मौत और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए।
ये भी पढ़ें : Nepal में अराजकता चरम पर, पूर्व PM Deuba और विदेश मंत्री पत्नी पर बर्बर हमला, आर्मी ने संभाली कमान
बहराइच तक पहुंचा तनाव
नेपाल से लगे यूपी के सीमावर्ती जिले बहराइच तक इस विरोध की आंच पहुंच गई। रुपईडीहा बॉर्डर पर भीड़ ने प्रदर्शन किया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। यहां मौजूद एसएसबी और यूपी पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया और बॉर्डर पर कैंप डाल दिया। अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं और हर आने-जाने वाले पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सरकार पर
नेपालगंज के बीपी चौक पर प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि उनका गुस्सा सरकार की नीतियों पर है, न कि आम जनता पर। उनका कहना है कि ओली सरकार ने सोशल मीडिया बैन कर जनता की आवाज दबाने की कोशिश की है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि यहां तक कि भारत से खाने-पीने का सामान लाने पर भी नेपाली पुलिस परेशान करती थी।
बॉर्डर पर सन्नाटा और डर का माहौल
फिलहाल बॉर्डर पर स्थिति सामान्य होने की कोशिश में है, लेकिन लोग भयभीत हैं। व्यापार ठप पड़ा है और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सुरक्षा बल और नेपाली पुलिस दोनों ओर से आने-जाने वालों की कड़ी जांच कर रहे हैं। लोग आशंकित हैं कि यदि हालात जल्द काबू में नहीं आए, तो सीमा पर तनाव और बढ़ सकता है।