Pahalgam Terror Attack Case: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने वर्ष 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बड़ा कदम उठाते हुए लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद को सप्लीमेंट्री चार्जशीट में आरोपी बनाया है। जम्मू स्थित विशेष एनआईए अदालत में दाखिल इस चार्जशीट में हाफिज सईद पर हमले की साजिश रचने और सीमा पार से आतंकवादी गतिविधियों को संचालित करने के आरोप लगाए गए हैं। एजेंसी का दावा है कि हमले की योजना और उसके क्रियान्वयन में प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की अहम भूमिका रही।
हाफिज सईद पर कई गंभीर धाराओं में आरोप
एनआईए ने हाफिज सईद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने उस पर भारत के खिलाफ युद्ध जैसी साजिश रचने और सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए हैं। करीब 1597 पन्नों की चार्जशीट में जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी, वैज्ञानिक और अन्य साक्ष्यों का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
यह भी देखेंःParagliding in Kullu: कुल्लू में पैराग्लाइडिंग के दौरान बड़ा हादसा टला, सड़क पर गिरा पायलट
पहले भी कई आरोपियों के नाम हो चुके हैं शामिल
इससे पहले एनआईए अपनी पिछली चार्जशीट में पाकिस्तानी हैंडलर साजिद जट्ट सहित कई अन्य आरोपियों को नामजद कर चुकी है। ऑपरेशन महादेव के दौरान मारे गए तीन आतंकियों और गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों का भी मामले में उल्लेख किया गया था। जांच एजेंसी ने लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) को भी हमले की साजिश और उसे अंजाम देने में शामिल बताया है।
22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुआ था हमला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए हमला किया था। इस घटना में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की जान चली गई थी। हमले के बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज किया, जिसे बाद में गृह मंत्रालय ने एनआईए को सौंप दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले की पड़ताल जारी है और पूरे आतंकी नेटवर्क तथा सीमा पार से रची गई साजिश का खुलासा करने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।