First Female Deputy CM: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुंबई स्थित लोक भवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और महायुति सरकार के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भावुक माहौल के बीच सुनेत्रा पवार ने नई जिम्मेदारी संभाली।
विधायक दल ने दिखायी एकजुटता
एनसीपी (अजित गुट) की विधायक दल की बैठक में सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने रखा, जिसे सभी विधायकों का समर्थन मिला। इसके बाद पार्टी की ओर से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को औपचारिक पत्र सौंपा गया, जिससे उनके उपमुख्यमंत्री बनने की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया।
शपथ समारोह में दिखा शक्ति प्रदर्शन
शपथ ग्रहण के मौके पर एनसीपी और बीजेपी के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, छगन भुजबल, सुनील तटकरे और सांसद प्रफुल्ल पटेल ने समारोह में शिरकत की। इससे यह संकेत मिला कि महायुति सरकार में सुनेत्रा पवार को लेकर सहयोगी दलों के बीच सहमति बनी हुई है।
यह भी देखेंःAccident News: रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने मचाया कहर, तीन बाइकों को कुचला, 5 लोगों की दर्दनाक मौत
विलय पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं
एनसीपी नेता सुनील तटकरे और छगन भुजबल ने साफ किया कि फिलहाल पार्टी के दोनों गुटों के विलय पर कोई तात्कालिक निर्णय नहीं लिया गया है। नेताओं का कहना है कि पार्टी की आगे की रणनीति और संभावित फैसले सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में ही तय होंगे।
बड़ी चुनौती
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना केवल एक संवैधानिक नियुक्ति नहीं, बल्कि अजित पवार के बाद एनसीपी की दिशा तय करने वाला कदम है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि वह प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ पार्टी को किस तरह आगे ले जाती हैं।