NEET UG 2026 Re Exam Date: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने पेपर लीक के आरोपों के बाद 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा को रद्द कर दिया है और दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है। इसी सिलसिले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक (DG) अभिषेक सिंह ने मीडिया से खुलकर बातचीत की है। उन्होंने बताया कि नीट यूजी के तारीखों का ऐलान 7 से 10 दिन में कर दिया जाएगा।
छात्रों के हितों को देखते हुए लिया गया फैसला
NTA डीजी अभिषेक सिंह ने बताया कि 3 मई को पेपर का आयोजन हुआ था, उससे पहले 1 व 2 मई को कैंडिडेट्स को PDF मिला था, जिससे कुछ सवाल मेन एग्जाम में हूबहू पूछे गए। आगे उन्होंने कहा कि यह हमारे जीरो टॉलरेंस की नीति के खिलाफ था। छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए हमने नीट यूजी 20206 को रद्द करने का निर्णय लिया। पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की बात की है, जितने भी लोग इसमें पकड़े जाएंगे, उन सब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
7 मई को मिले थे कुछ व्हाट्सएप मैसेज
NTA डीजी अभिषेक सिंह ने बताया कि 7 मई की देर रात हमें कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले थे, जिसमें कुछ क्वेश्चन थे. वह एग्जाम से मैच कर रहे थे। इस मैसेज को तुरंत प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा गया। उन्होंने कहा कि 3 मई को नीट यूजी का आयोजन बहुत ही सुचारु तरीके से हुआ था। लेकिन एनटीए ने पेपर लीक के आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: HBSE Board 12th Result: हरियाणा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट किया जारी, 84.67% स्टूडेंट्स हुए पास
आरोप सही होने की मिली थी जानकारी
आगे उन्होंने बताया कि 8 और 9 मई को एजेंसियों द्वारा इन मैसेज की जांच की गई और 10 व 11 मई को कुछ आरोप सही होने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि NTA को प्राप्त इनपुट, और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए निष्कर्षों को एक साथ देखने पर, यह साबित हो गया कि वर्तमान परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता था।
सीबीआई को सौंपी गई जांच
उन्होंने कहा कि यह तय करना अभी जल्दबाजी होगी कि पेपर लीक कितने बड़ स्तर पर हुआ था और कितने लोगों तक प्रश्न पत्र पहुंचा था। आगे उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।
पहले के रजिस्ट्रेशन ही रहेंगे मान्य
डीजी अभिषेक सिंह ने बताया कि मई 2026 NEET-UG एग्जाम सेशन के लिए छात्रों द्वारा रजिस्ट्रेशन के वक्त दी गई जानकारी और उनके द्वारा चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए मान्य रहेंगे। छात्रों को दोबारा किसी भी तरह की फीस देने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा, दोबारा से आयोजित होने वाली एग्जाम की तारीखें और फिर से जारी किए जाने वाले एडमिट-कार्ड का शेड्यूल आने वाले दिनों में एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से सूचित किया जाएगा।