नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर गाड़ी से आने-जाने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत की खबर है। खासतौर पर अजमेरी गेट की तरफ पिक एंड ड्रॉप और पार्किंग को लेकर लंबे समय से जाम और महंगे शुल्क की शिकायतें सामने आ रही थीं। अब रेलवे ने इन समस्याओं को देखते हुए नई पार्किंग व्यवस्था लागू कर दी है। इस फैसले के बाद स्टेशन पहुंचना और वहां से निकलना पहले से ज्यादा आसान और सस्ता हो जाएगा। रेलवे का कहना है कि नई व्यवस्था से ट्रैफिक का दबाव घटेगा और यात्रियों को बेवजह की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
पिक एंड ड्रॉप के नए नियम
रेलवे ने पिक एंड ड्रॉप के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब 8 मिनट तक वाहन खड़ा करने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा। 8 से 15 मिनट तक के लिए 50 रुपये, 15 से 30 मिनट के लिए 150 रुपये और 30 मिनट से ज्यादा समय होने पर 200 रुपये शुल्क तय किया गया है। पहले यही शुल्क काफी ज्यादा था और 30 मिनट से अधिक समय पर 500 रुपये तक देने पड़ते थे। इस कटौती से उन लोगों को सीधा फायदा मिलेगा, जो सिर्फ यात्रियों को छोड़ने या लेने स्टेशन आते हैं।
ये भी पढ़ें : Christmas पर नक्सलियों को बड़ा झटका, 1.1 करोड़ का इनामी गणेश ढेर, जंगल में चला सबसे बड़ा ऑपरेशन
जाम रोकने के लिए सख्ती
नई व्यवस्था के साथ रेलवे ने जाम की समस्या पर भी सख्त रुख अपनाया है। अगर किसी वाहन के कारण पिक एंड ड्रॉप लेन में ट्रैफिक बाधित होता है या जाम लगता है, तो इसकी जिम्मेदारी पार्किंग ठेकेदार की होगी। ऐसे मामलों में ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी वाहन लेन में अनावश्यक रूप से खड़ा न रहे और ट्रैफिक सुचारु बना रहे। इससे अजमेरी गेट की तरफ लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
तीन तरह की पार्किंग सुविधा
नई व्यवस्था के तहत अजमेरी गेट की तरफ अब तीन तरह की पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पहली सामान्य पार्किंग होगी, जहां साइकिल, दुपहिया और कार खड़ी की जा सकेंगी। इसमें दो घंटे तक साइकिल के लिए 3 रुपये, दुपहिया के लिए 20 रुपये और कार के लिए 50 रुपये शुल्क रखा गया है। दूसरी प्रीमियम पार्किंग में पहले दो घंटे के लिए 150 रुपये और उसके बाद हर अतिरिक्त घंटे के लिए 100 रुपये देने होंगे। तीसरी पार्किंग कमर्शियल वाहनों जैसे ऑटो, टैक्सी, टेंपो और बसों के लिए होगी, जिनके लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। रेलवे का दावा है कि इस नई व्यवस्था से स्टेशन पर अव्यवस्था कम होगी और यात्रियों को बड़ा सुकून मिलेगा।