.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D89d01d1d-b8c5-4c7d-867c-3e98d25dead9&w=3840&q=75)
New facility at airports: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, त्रिची, कोझिकोड और अमृतसर एयरपोर्ट पर फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) का शुभारंभ किया। इससे पहले यह योजना दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, कोचीन और अहमदाबाद में शुरू की जा चुकी है। इस तरह अब कुल 13 हवाई अड्डों पर यह सुविधा उपलब्ध हो गई है। शाह ने कहा कि यह प्रोग्राम न केवल यात्रियों को सहज अनुभव देगा, बल्कि उन्हें आधुनिक भारत के बदलावों से भी जोड़ने का अवसर है।
यात्रियों को बड़ी राहत
अमित शाह ने बताया कि इस प्रोग्राम से यात्रियों को लंबी कतारों और मैनुअल चेकिंग की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। अब सिर्फ 30 सेकंड में इमीग्रेशन क्लियरेंस संभव होगा। इसके लिए यात्रियों को पोर्टल ftittp.mha.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा और दस्तावेज अपलोड करने होंगे। पंजीकृत यात्रियों का बायोमेट्रिक एयरपोर्ट या FRRO से लिया जाएगा। इसके बाद बोर्डिंग पास और पासपोर्ट स्कैन करने पर ई-गेट अपने आप खुल जाएगा। अब तक करीब 3 लाख लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं और 2.65 लाख यात्रियों ने इसका उपयोग किया है। शाह ने जोर दिया कि पासपोर्ट और OCI कार्ड जारी करते समय ही रजिस्ट्रेशन जोड़ने पर काम होना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें।
यह भी देखेंःModi-Dhami partnership: मोदी-धामी की साझेदारी से उत्तराखंड को ₹1200 करोड़ का राहत पैकेज
सुरक्षा और ट्रैफिक में सुधार
गृह मंत्री ने कहा कि यह प्रोग्राम न केवल सुविधा बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मजबूत करेगा। मोदी सरकार बनने के बाद 11 साल में अंतरराष्ट्रीय यात्री यातायात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। 2014 में विदेश यात्रा करने वालों की संख्या 3.54 करोड़ थी जो 2024 में बढ़कर 6.12 करोड़ हो गई। इसी तरह भारत आने वाले विदेशी यात्रियों की संख्या भी 1.53 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ तक पहुंची। शाह ने बताया कि जल्द ही जेवर और नवी मुंबई एयरपोर्ट को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे आने वाले समय में और अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।