Instagram Edits Update: सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। इंस्टाग्राम अपने वीडियो एडिटिंग ऐप 'Edits' को लगातार नए और बेहतरीन फीचर्स के साथ अपडेट कर रहा है। जिससे कंटेंट क्रिएटर्स के लिए वीडियो एडिट करना और दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। तो आइए जानते हैं कि Instagram Edits के इस नए अपडेट में क्या-क्या नया मिलने वाला है।
एक साथ दो भाषाओं में दिखेंगे कैप्शन
इसमें सबसे बड़ा अपडेट Bilingual Captions का है, जिससे अब एक ही वीडियो में दो भाषाओं में कैप्शन दिखाए जा सकेंगे। क्रिएटर्स को अपने वीडियो में अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों के लिए अलग से ट्रांसलेशन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐप खुद-ब-खुद वीडियो का कैप्शन दूसरी भाषा में भी दिखा देगा। फिलहाल यह फीचर अंग्रेजी, हिंदी, स्पेनिश, पुर्तगाली, फ्रेंच, जर्मन, इटालियन, कोरियन, जापानी, थाई, इंडोनेशियन, रूसी, बंगाली, गुजराती और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध है।
नए क्रिएटिव टूल्स
वीडियो को प्रोफेशनल लुक देने के लिए इंस्टाग्राम ने कई नए टूल्स जोड़े हैं। अब यूजर्स पहले से ज्यादा बेहतर वीडियो टेम्पलेट तैयार कर सकेंगे। इसके लिए Overlay Support दिया गया है। इसकी मदद से वीडियो के ऊपर अलग-अलग एलिमेंट्स और लेयर्स को आसानी से जोड़ा जा सकता है। इसके साथ ही Lock Clip फीचर भी दिया गया है, इस फीचर की मदद से आप अपनी जरूरी क्लिप को एक जगह लॉक कर सकते हैं। जिससे एडिटिंग के दौरान उसमें कोई बदलाव न हो।
Seasonal Sound Effects फीचर
Instagram ने इस अपडेट में Seasonal Sound Effects नाम का नया फीचर भी जोड़ा है। इस फीचर के जरिए वीडियो को और अट्रैक्टिव बनाने के लिए इसमें गर्मियों के मौसम से जुड़े कई नए और मजेदार साउंड इफेक्ट्स जोड़े गए हैं।
यह भी पढ़ें: WhatsApp Username: नहीं बढ़ेगा साइबर फ्रॉड! WhatsApp यूजरनेम विवाद पर कंपनी ने दी सफाई, जानें क्या हैं नए सुरक्षा नियम
Edits' ऐप के फायदे
आपको बता दें कि मेटा ने Edits ऐप को पिछले साल जनवरी में खास तौर पर शॉर्ट वीडियो बनाने के लिए लॉन्च किया था। इस ऐप की सबसे अच्छी बात यह है कि यह पूरी तरह मुफ्त है। इस ऐप की मदद से यूजर्स वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं, Single Frame Precision Editing कर सकते हैं। बिना किसी वॉटरमार्क के 4K क्वालिटी में वीडियो एक्सपोर्ट कर सकते हैं। इस ऐप में अधिकतम 10 मिनट तक के वीडियो मुफ्त में एक्सपोर्ट कर सकते हैं।
आने वाले हैं एआई असिस्टेंट फीचर
पिछले महीने लॉस एंजिलिस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मेटा ने Edits ऐप के लिए आने वाले कुछ नए फीचर्स की भी घोषणा की थी। इसमे सबसे खास फीचर AI Assistant होगा। यह फीचर आपके वीडियो के परफॉर्मेंस डेटा को देखकर बताएगा कि कौन-सा वीडियो दर्शकों को ज्यादा पसंद आ रहा है। साथ ही, यह आपको नए कंटेंट आइडिया और ट्रेंडिंग ऑडियो के सुझाव भी देगा।
Desktop Version किया जा रहा तैयार
Instagram ने यह भी साफ किया है कि Edits ऐप का Desktop Version भी तैयार किया जा रहा है। इसके आने के बाद क्रिएटर्स कंप्यूटर की बड़ी स्क्रीन पर ज्यादा बेहतर कंट्रोल के साथ प्रोफेशनल एडिटिंग कर सकेंगे।