लखनऊ/ नोएडा। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के निरंतर प्रयासों पर उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जेवर क्षेत्र के दो ऐतिहासिक मंदिरों - कासना स्थित प्राचीन सती मंदिर और दनकौर स्थित- खेड़ा दैवत मंदिर के कायाकल्प, सौंदर्याकरण और पर्यटन विकास के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है। शीघ्र ही इन कार्यों के लिए धनराशि जारी कर दी जाएगी।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में मंत्री जयवीर सिंह से विशेष मुलाकात की और दोनों मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक बजट जारी करने का अनुरोध किया। मंत्री ने तुरंत प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए हरी झंडी दे दी।
गौरतलब है कि 12 मार्च 2026 को जेवर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इन दोनों मंदिरों के सौंदर्याकरण की घोषणा की थी। आज की मुलाकात उसी घोषणा को अमली जामा पहनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
मुलाकात के दौरान पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा,“उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के पुनरुद्धार के लिए संकल्पबद्ध है। कासना और दनकौर के ये मंदिर जनमानस की अटूट आस्था के केंद्र हैं। विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए, हमने इन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर उभारने और इनके सौंदर्याकरण हेतु शीघ्र धनराशि निर्गत करने के निर्देश दिए हैं।”
इस पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा,
“कासना का सती मंदिर और दनकौर का खेड़ा दैवत मंदिर हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इन प्राचीन स्थलों के जीर्णोद्धार से न केवल क्षेत्र की धार्मिक गरिमा बढ़ेगी, बल्कि यह पर्यटन की दृष्टि से भी मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि मैं पर्यटन मंत्री का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपनी घोषणा पर त्वरित कार्यवाही करते हुए क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान किया है।”
यह विकास जेवर विधानसभा क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस फैसले से काफी उत्साह है, क्योंकि ये मंदिर क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और अब इनके सौन्दर्यकरण से पर्यटकों की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है।