New Meaning of PDA: लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सपा में शामिल होने वाले नए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पुरातनपंथी और संकीर्ण सोच वाले लोग PDA से घबरा गए हैं। अखिलेश ने कहा कि जैसे-जैसे नए लोग PDA से जुड़ रहे हैं, विरोधियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
Activist से समझाया PDA
अखिलेश यादव ने PDA की नई व्याख्या करते हुए कहा कि अब इसमें Protest, Demonstration और Activist वाले लोग भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों को PDA से “पेट में दर्द” हो रहा है। अखिलेश ने कहा कि PDA प्रोग्रेसिव, विजनरी और लोगों को जोड़ने वाला है और चुनाव में इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
योगी सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में स्वास्थ्य विभाग “वेंटिलेटर पर” है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 6 हजार से ज्यादा डॉक्टरों के पद खाली हैं, जबकि नर्सिंग और पैरामेडिकल के करीब 24 हजार पद रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 16 हजार की आबादी पर एक डॉक्टर है।
यह भी देखेंःनेपाल की बाढ़ का खौफनाक असर, नारायणी नदी में बहकर भारत पहुंचे शव; महराजगंज में मिले 4 शव
अंकित बालियान हत्याकांड
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए शुरू की गई फ्री बस सेवा को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई जगह पर्याप्त बसों और व्यवस्थाओं का इंतजाम नहीं था। इसके अलावा उन्होंने अंकित बालियान हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में “न तानाशाही चलेगी, न दानाशाही।” उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता सरकार को जवाब देगी।