
Hapur News: कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र में साइबर ठगों ने ऑनलाइन जॉब के लालच में दो परिवारों को फंसाकर कुल 4,70,040 रुपये की ठगी कर ली गई। व्हाट्सएप पर कॉल की, आकर्षक सैलरी, फेस्टिवल बोनस और हॉलिडे पैकेज का लालच दिया। लेकिन असलियत तब खुली जब कंपनी ने वेबसाइट बंद कर दी और अतिरिक्त पैसे मांगने लगी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर मोहल्ला निवासी मदन भसीन के व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाली ने खुद को कैली बताया और एक फर्जी कंपनी में पार्ट-टाइम ऑनलाइन जॉब का ऑफर दिया। लालच था। अच्छी सैलरी, बोनस और छुट्टियों का पैकेज। विश्वास करते हुए मदन ने अपनी पत्नी मानी भसीन और मां शम्मी भसीन के बैंक खातों से कंपनी की दी हुई यूपीआई आईडी और क्यूआर कोड पर कुल 6,63,910 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बदले, 28 अप्रैल से 29 अगस्त 2024 तक पीड़ितों के खातों में 3,80,740 रुपये 'सैलरी' के नाम पर आए। लेकिन अगस्त के अंत में बहाने शुरू हो गए, कभी ईद की छुट्टी, कभी ऑडिट, कभी वेरिफिकेशन। फिर इनकम टैक्स और वैरिफिकेशन के नाम पर ज्यादा पैसे मांगने लगे।
इसी बीच, मदन के श्रीनगर निवासी दोस्त विधु अग्रवाल को भी अगस्त की शुरुआत में 'कैली' की कॉल आई। आरोपी ने जॉब ऑफर किया। विधु और उनकी पत्नी कनिका अग्रवाल ने 2,34,750 रुपये भेजे। बदले में 22 और 29 अगस्त को 47,880 रुपये 'सैलरी' मिली। लेकिन उसके बाद कोई संपर्क नहीं हुआ। कंपनी की वेबसाइट भी बंद हो गई। जिस पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
मामले की जांच की जा रही
वहीं,थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।