लखनऊ। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद ने प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में पांचवें चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। चतुर्थ चरण की प्रक्रिया तीन अक्टूबर को पूरी होने के बाद बची सीटों पर अब पूर्व पंजीकृत अप्रवेशित अभ्यर्थियों से नए विकल्प मांगे गए हैं। राजकीय और निजी संस्थानों के लिए नए अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि के माध्यम से रिक्त व्यवसाय और इच्छित संस्थान का नया विकल्प भर सकते हैं। लिंग, उपवर्ग और शैक्षिक योग्यता में भी आवश्यक सुधार किया जा सकेगा। नया विकल्प नहीं भरने पर पूर्व में दिए विकल्पों के आधार पर ही सीट आवंटित की जाएगी। पहले प्रवेश लेकर नाम कटवा चुके अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
नए अभ्यर्थियों को परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in पर आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए 250 रुपये और सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये है। आवेदन छह अक्टूबर से 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि तक किए जा सकेंगे।
चतुर्थ चरण के बाद बची सीटों का संस्थानवार और व्यवसायवार विवरण परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रधानाचार्यों को संस्थानों के सूचना पट पर भी रिक्त सीटों का अद्यतन विवरण प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।