youtuber jyoti malhotra case: पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार हुई हरियाणा के हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर नया खुलासा हुआ है। सूचना का अधिकार (RTI) के तहत दायर की गई एक याचिका के जवाब में सामने आया है कि ज्योति राज्य सरकार के निमंत्रण पर केरल गई थी। केरल सरकार में टूरिज्म मिनिस्टर पीए मोहम्मद रियाज ने भी कंफर्म किया है कि ज्योति समेत कई ब्लॉगर्स को केरल बुलाया गया था, ताकि वे केरल के टूरिज्म को देश और दुनिया में फैला सकें। इनका खर्चा सरकार ने उठाया था।
फिर भेजा न्यायिक हिरासत में ..
इधर, जासूसी मामले में ज्योति की सोमवार (7 जुलाई) को छठी बार कोर्ट में पेशी हुई। इसके बाद ज्योति को फिर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की तरफ से चलाए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ज्योति को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
कौन है ज्योति मल्होत्रा?
ज्योति मल्होत्रा एक यूट्यूबर और ट्रैवल ब्लॉगर है. हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति यूट्यूब चैनल “ट्रैवल विद जो” के लिए जानी जाती है. अपने चैनल पर ज्योति देश-विदेश की यात्राओं के वीडियो और रील्स पोस्ट करती है. सोशल मीडिया पर ज्योति के लाखों फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर्स हैं. ज्योति ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से बीए की पढ़ाई की है. ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप हैं जिसके चलते ज्योति को गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि ज्योति ने पाकिस्तान हाई कमीशन के राजनयिक एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में रहकर संवेदनशील जानकारी साझा की. पहलगाम हमले से पहले पाकिस्तान यात्रा के आरोप भी ज्योति पर हैं. ज्योति पाकिस्तान जाकर मरियम नवाज शरीफ से भी मिल चुकी हैं.