UP TET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपीटीईटी (UPTET) 2026 की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए एक बेहद जरूरी नोटिस जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, कोर्ट ने NIOS से 18 महीने का D.El.Ed (ODL) कोर्स करने वाले अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर पहले दिए गए आदेश में बड़ा संशोधन किया है।
किसे मिलेगी परीक्षा में बैठने की इजाजत?
कोर्ट के नए आदेश के मुताबिक, केवल उन्हीं NIOS D.El.Ed अभ्यर्थियों को UPTET 2026 की परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा जो 31 मार्च 2015 या उससे पहले से नौकरी में थे। इन उम्मीदवारों को भी अभी अस्थायी रूप से ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जा रही है।
कौन नहीं दे सकेगा परीक्षा
ऐसे अभ्यर्थी जो 31 मार्च 2015 के बाद सेवा में आए हैं, वे अब इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे। आयोग ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उन्हें परीक्षा में शामिल करने से साफ मना कर दिया है।
यह भी पढ़ें: NEET एग्जाम में बड़े बदलाव की तैयारी; अब एक दिन नहीं, कई चरणों में होगी परीक्षा? जानिए संसद समिति के नए सुझाव
रिजल्ट को लेकर आयोग का बड़ा फैसला
आदेश के मुताबिक, जिन विवादित पात्रता वाले NIOS D.El.Ed अभ्यर्थियों को परीक्षा में प्रोविजनली शामिल होने की अनुमति दी भी जा रही है, उनका परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा। उनका रिजल्ट कोर्ट के अंतिम फैसले या अगले आदेश तक रोककर (Withheld) रखा जाएगा। उनका भविष्य पूरी तरह से कोर्ट के आखिरी निर्णय पर निर्भर करेगा।
परीक्षा कब होगी
आपको बता दें कि यूपी टीईटी परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक चलेगी। परीक्षा का आयोजन हर दिन दो शिफ्ट में होगा। पहली शिफ्ट का आयोजन सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक उच्च प्राथमिक स्तर यानी जूनियर के लिए किया जाएगा। वहीं दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक प्राथमिक स्तर यानी प्राइमरी के लिए आयोजित की जाएगी।