इटावा में कथावाचक की पिटाई से जुड़ा मामला अब और अधिक उलझता जा रहा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा कथावाचकों को सम्मानित किए जाने के बाद गांव की महिलाओं ने कथावाचकों पर छेड़खानी सहित तमाम गंभीर आरोप लगाए हैं.
इस बीच कथावाचक मुकुट मणि के दो आधार कार्ड सामने आए हैं, जिन पर एक ही फोटो और नंबर होने के बावजूद नाम अलग-अलग दर्ज हैं. यह खुलासा उनकी पहचान और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहा है और पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है.
महिला ने पति के साथ एसएसपी से की शिकायत
गांव की रहने वाली रेनू तिवारी अपने पति जयप्रकाश तिवारी के साथ मंगलवार देर शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मिलीं. दोनों ने कथावाचकों पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की.
ब्राह्मण समाज महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण दुबे ने मामले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि कथावाचकों ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर खुद को ब्राह्मण बताया और लोगों को गुमराह किया. उन्होंने कहा, “पहले इन्होंने खुद को ब्राह्मण बताया, फिर कथावाचक बने, लेकिन जब सच्चाई सामने आई, तो विवाद हुआ.” दुबे ने मारपीट की निंदा की पर छेड़खानी की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
रेनू तिवारी का आरोप- अंगुली पकड़कर की छेड़खानी
पीड़ित महिला रेनू तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “पहले दिन की कथा के बाद जब हम भोजन करवा रहे थे, तभी कथावाचक ने मेरी अंगुली पकड़कर बदतमीजी की और छेड़खानी की.”
उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने अपने पति को यह बात बताई, वहां मौजूद लड़के भड़क गए. रेनू ने यह भी आरोप लगाया कि कथावाचक फर्जी पहचान के जरिए गांव में आए और उनके पास फर्जी आधार कार्ड हैं.
अखिलेश यादव से संबंध बताकर धमकाने का आरोप
रेनू तिवारी के पति जयप्रकाश तिवारी हरिद्वार में प्राइवेट नौकरी करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने कथावाचकों का विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया.
उन्होंने कहा कि उनके संबंध अखिलेश यादव से हैं और वो हमें घर से उठवा लेंगे. तभी हमें पता चला कि ये लोग यादव हैं.उन्होंने कहा कि मैं और मेरा परिवार बाहर रहता है, हम डर गए.
जयप्रकाश ने यह भी माना कि इसके बाद स्थानीय युवकों की प्रतिक्रिया गलत थी, लेकिन उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की अपील की है.
एसएसपी का आश्वासन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पीड़ित महिला की ओर से कुछ बातें सामने आई हैं. इस पर विवेचना की जा रही है और सच्चाई के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.”