नए साल के स्वागत की खुशियां स्विट्जरलैंड में एक भयावह हादसे में तब्दील हो गईं। मशहूर पर्यटन स्थल क्रांस-मोंटाना में न्यू ईयर ईव के दौरान एक बार में हुए भीषण विस्फोट और आग ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 40 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जश्न का माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार में बदल गया।
भीड़ से भरे बार में धमाके
वालेस कैंटन पुलिस के मुताबिक यह हादसा क्रांस-मोंटाना के ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक बार में हुआ। रात करीब 1:30 बजे, जब लोग नए साल का जश्न मना रहे थे, उसी दौरान एक या उससे अधिक धमाके हुए। धमाके के तुरंत बाद बार में भीषण आग लग गई। उस समय बार के अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बड़ी तादाद में पर्यटक भी शामिल थे। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
ये भी पढ़ें : चलती ट्रेन में वर्दी का अपराध, 1.44 करोड़ सोना लूटा, थानाध्यक्ष ही निकला साजिशकर्ता, पुलिस महकमे में हड़कंप
राहत-बचाव में जुटी एजेंसियां
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस प्रवक्ता गेटन लाथियन ने बताया कि विस्फोट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए कई एंबुलेंस के साथ एयर-ग्लेशियर्स हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत एयरलिफ्ट किया गया, ताकि समय रहते उनका इलाज हो सके।
जांच जारी, हेल्पलाइन जारी
पुलिस और फॉरेंसिक टीमें अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं। विस्फोट गैस लीक, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। बार में मौजूद लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटनाक्रम को ठीक से समझा जा सके। पुलिस ने पीड़ितों और उनके परिजनों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 0848 112 117 जारी किया है। साथ ही अधिकारियों ने जानकारी दी है कि घटना को लेकर सुबह 10 बजे एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। नए साल पर हजारों पर्यटकों से भरे क्रांस-मोंटाना में हुआ यह हादसा न सिर्फ स्विट्जरलैंड, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा झटका बनकर सामने आया है।