न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज के खत्म हो जाने के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी. वहीं न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा वनडे सीरीज को लेकर अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया गया है. इस स्क्वाड में तेज गेंदबाज मैट हेनरी की वापसी हुई है. बता दें कि इस वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 16 नवंबर को खेला जाएगा. वहीं कीवी टीम के पूर्व कप्तान और अनुभवी खिलाड़ी केन विलियमसन को वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है.
वनडे सीरीज के लिए हेनरी की हुई वापसी
दरअसल इंग्लैंड के खिलाफ हुई वनडे सीरीज के दौरान काल्फ स्ट्रेन के चलते मैट हेनरी आखिरी 2 मुकाबले नहीं खेल सके थे, जिसके बाद वह अपनी फिटनेस को फिर से हासिल करने के लिए रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे थे. अब जहां मैट हेनरी पूरी तरह से फिट हैं, तो उसी के साथ उनकी वनडे सीरीज के लिए कीवी टीम के स्क्वाड में भी उनकी वापसी देखने को मिली है. इसके अलावा वनडे सीरीज खत्म होने के बाद न्यूजीलैंड की टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है, जिसमें मैट हेनरी की भूमिका काफी अहम होने वाली है. कीवी टीम की विंडीज के खिलाफ वनडे स्क्वाड को लेकर बात करें तो उसमें पूर्व कप्तान केन विलियमसन को नहीं चुना गया है, जिसके पीछे की बड़ा कारण दिसंबर महीने की शुरुआत में होने वाली टेस्ट सीरीज बताई जा रही है, जिसकी तैयारी के लिए विलियमसन को समय मिल सके.
हेनरी की वापसी से कोच खुश
वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम में मैट हेनरी की वापसी को लेकर कीवी टीम के हेड कोच रॉब वाल्टर ने अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने टीम का ऐलान हो जाने के बाद दिए अपने बयान में कहा कि हेनरी हमारे सीनियर गेंदबाज हैं और उनकी वापसी हमारे लिए काफी अच्छी बात है. जिसमें वह वनडे और फिर उसके बाद होने वाली टेस्ट सीरीज में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, जैक फॉल्केस, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लेथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग.