Noida News: सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी के लिली टावर में रविवार शाम एक 24 वर्षीय नवविवाहिता की 16वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतका की पहचान कामिनी कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने पति मंथन धीमान के साथ फ्लैट नंबर 1602 में किराए पर रह रही थीं। दोनों की शादी बीते 11 जुलाई को हुई थी, यानी घटना के समय शादी को करीब एक महीना (लगभग 29 दिन) ही बीता था।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार घटना रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। कामिनी लिली टावर की 16वीं मंजिल से नीचे गिर गईं। तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के निवासी और गार्ड मौके पर पहुंचे। कामिनी को उसके पति द्वारा लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई गई। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
किराए के फ्लैट में रह रहे थे
कामिनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले (कुशवा गांव) की रहने वाली थीं। उन्होंने पहले बीपीओ में नौकरी की थी, लेकिन कुछ समय पहले छोड़ दी थी। पति मंथन धीमान देहरादून (बड़वाला गांव) के निवासी हैं और एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर के रूप में काम करते हैं। दोनों जनवरी से इस सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रह रहे थे।
परिजनों का आरोप और पति का बयान
घटना की सूचना मिलने के बाद कामिनी के मायके वाले एटा से नोएडा पहुंचे। उन्होंने पति मंथन धीमान पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दहेज हत्या का आरोप लगाया। भाई शिवकुमार समेत परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से कामिनी को परेशान किया जा रहा था, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
मामले की जांच की जारी
वहीं, पति मंथन ने पुलिस पूछताछ में बताया कि कामिनी पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थीं और उनका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंथन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी सेक्टर-39 डी.पी. शुक्ला ने पुष्टि की कि मामला जांच के अधीन है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।