Indian Weather Report: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और लोग तपती गर्मी से परेशान हैं।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 6 से 7 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, अंडमान-निकोबार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप और दक्षिण कर्नाटक में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवाओं के साथ बदलेगा मौसम
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 20 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह भी देखेंःभारत ने इटली के साथ किया बड़ा समझौता, स्पेस टेक में नई साझेदारियों का किया ऐलान
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश की संभावना
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का अनुमान जताया गया है। इन इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब होने के चलते प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
लू का खतरा अभी भी बरकरार
बारिश की संभावना के बावजूद कई राज्यों में लू का असर जारी रहेगा। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।