फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील का सफर नॉर्वे से 2-1 की हार के साथ खत्म हो गया। मैच के तुरंत बाद स्टार फुटबॉलर नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। ब्राजील की हार से पहले ही समर्थक निराश थे, वहीं नेमार के इस फैसले ने करोड़ों प्रशंसकों को बड़ा झटका दिया।
भावुक संदेश में कही दिल की बात
मैच के बाद नेमार ने कहा कि उन्होंने अपनी ओर से पूरी कोशिश की, लेकिन अब उनका अंतरराष्ट्रीय सफर समाप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम से की थी और उसी मैदान पर अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला। उन्होंने कहा कि अब वह थक चुके हैं और यही सही समय है कि राष्ट्रीय टीम को अलविदा कहा जाए।
ब्राजील के सबसे सफल गोलस्कोरर
नेमार ने 2010 में ब्राजील की सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया था। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 129 मैच खेले और 80 गोल किए। वह ब्राजील की पुरुष फुटबॉल टीम के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उनके नाम कई यादगार प्रदर्शन और अहम रिकॉर्ड दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव, चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर, कृष्ण मोहन बने नए महासचिव
शानदार उपलब्धियों के साथ विदाई
नेमार ने ब्राजील को 2016 रियो ओलंपिक में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक में रजत पदक और 2013 फीफा कन्फेडरेशन कप भी जीता। लंबे और सफल अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद उनका संन्यास ब्राजील फुटबॉल के एक यादगार दौर के अंत के रूप में देखा जा रहा है।