अगर आप किसी टोल प्लाजा के आसपास रहते हैं और रोज उसी रास्ते से सफर करते हैं, तो अब आपके लिए लोकल टोल पास बनवाना पहले से आसान हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप पर डिजिटल लोकल टोल पास की सुविधा शुरू कर दी है। अब पात्र लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कौन बनवा सकता है लोकल पास?
यह सुविधा उन लोगों के लिए है जो संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। आवेदन करने वाले वाहन पर वैध FASTag होना जरूरी है। पात्रता की जांच GIS आधारित वेरिफिकेशन के जरिए की जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने अनलिमिटेड सफर की सुविधा मिलेगी।
घर बैठे ऐसे करें आवेदन
लोकल पास बनवाने के लिए सबसे पहले राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद ऐप में लोकल पास का विकल्प चुनकर जरूरी जानकारी भरें और आवेदन कर दें। ऐप DigiLocker और VAHAN से जरूरी जानकारी लेकर ऑनलाइन जांच करेगा। पात्र पाए जाने पर डिजिटल लोकल पास जारी कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : US ने Canada के सामान पर लगाया 50% Tariff, दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ा तनाव
समय और कागजी प्रक्रिया से मिलेगी राहत
पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने पड़ते थे। अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से समय की बचत होगी और कागजी जांच की जरूरत भी काफी कम हो जाएगी। इससे स्थानीय यात्रियों को रोजाना आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
यहां से हुई शुरुआत
डिजिटल लोकल पास सुविधा की शुरुआत फिलहाल दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा (UER-II) से की गई है। NHAI का कहना है कि आने वाले समय में इस सुविधा को देश के दूसरे टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।
'मार्गमित्र' से मिलेगी कई और सुविधाएं
NHAI ने राजमार्ग यात्रा ऐप में 'मार्गमित्र' नाम का डिजिटल हेल्प सेंटर भी शुरू किया है। इसके जरिए FASTag रिचार्ज, KYC, लोकल और एनुअल पास से जुड़ी जानकारी, शिकायत दर्ज करने और उसकी स्थिति जानने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा 22 भारतीय भाषाओं में चैट या वॉइस के जरिए मदद लेने और सड़क से जुड़ी समस्याओं की रिपोर्ट करने का विकल्प भी उपलब्ध होगा।