NHAI Expressway Puncture Repair Shops: भारत सरकार देश में हाईवे और एक्सप्रेसवे पर तेजी से काम कर रही है, जिससे राज्यों के बीच का सफर बेहद आसान हो गया है। लेकिन लंबी दूरी के सफर में अक्सर वाहन चालकों को एक बात का डर सताता रहता है कि कहीं बीच रास्ते में गाड़ी पंक्चर या खराब न हो जाएं। कई बार सुनसान रास्तों पर टायर साथ छोड़ देता है और दूर-दूर तक कोई मैकेनिक नहीं मिलता।
नहीं करना पड़ेगा इंतजार
वाहन चालकों की इसी बड़ी परेशानी को दूर करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एक बहुत बड़ी राहत लेकर आया है। अब हाईवे पर सफर करने वालों को घंटों मदद का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। NHAI ने हाईवे और एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों के पंक्चर होने या छोटी-मोटी खराबी से निपटने के लिए एक पुख्ता इंतजाम कर दिया गया है।
हर 20 से 25 किलोमीटर पर मिलेंगी सुविधाएं
NHAI के नए प्लान के मुताबिक, देश के सभी प्रमुख नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर हर 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर 'वे-साइड एमेनिटीज' (सड़क किनारे मिलने वाली सुविधाएं) बनाई जा रही हैं। इन एमेनिटीज में अब अनिवार्य रूप से एक सर्टिफाइड पंक्चर रिपेयर शॉप और ऑटोमोबाइल वर्कशॉप को शामिल किया जाएगा।
क्या होगा फायदा
इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अगर एक्सप्रेसवे पर आपकी कार या बाइक अचानक पंक्चर हो जाती है, तो महज कुछ ही मिनटों की दूरी पर आपको प्रोफेशनल मैकेनिक मिल जाएगा। इससे आपका समय भी बचेगा और परेशानी भी नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: Avore Electric की पहली इलेक्ट्रिक बाइक का टीजर जारी; दमदार लुक के साथ मिलेगी लंबी रेंज
गाड़ी की हर छोटी-मोटी खराबी को किया जाएगा दूर
NHAI द्वारा तैयार की जा रही इन आधुनिक दुकानों पर सिर्फ पंक्चर ही नहीं जोड़ा जाएगा, बल्कि गाड़ी की अन्य कमियों को भी ठीक किया जाएगा। गाड़ी में आने वाली छोटी-मोटी तकनीकी या बिजली से जुड़ी दिक्कतों को सुधारा जाएगा। इन वर्कशॉप्स में हवा भरने की ऑटोमैटिक मशीनें, टायर चेंजर्स और जरूरी स्पेयर पार्ट्स हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
24x7 चालू रहेगी सर्विस
कई बार गाड़ियां एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के कारण ओवरहीट हो जाती हैं या उनकी बैटरी अचानक डाउन हो जाती है। ऐसी स्थिति में ये वे-साइड शॉप्स ड्राइवरों के लिए मददगार साबित होंगी। NHAI इन दुकानों को 24 घंटे (24x7) चालू रखने पर विचार कर रहा है, ताकि रात के समय सफर करने वाले लोग भी पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें।