दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच अब बेहद गंभीर मोड़ ले चुकी है. जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार आतंकी दानिश के फोन से जो डेटा निकाला, उसने पूरी कहानी बदल दी. दानिश की फोन हिस्ट्री, डिलीट की गई फाइलें, फोटो और वीडियो की फॉरेंसिक जांच में पता चला कि वह लंबे समय से ड्रोन तकनीक पर गुप्त रूप से काम कर रहा था. उसके फोन में दर्जनों ड्रोन की तस्वीरें मिली हैं, जिनमें कई ऐसे डिजाइन भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल हमास जैसे संगठन करते हैं. यह साफ संकेत है कि दानिश किसी बड़े हमले की तैयारी में था. उसने पूछताछ में माना कि वह 25 किलोमीटर तक उड़ने और हमला करने वाले हल्के ड्रोन बनाने में जुटा हुआ था.
जांच टीम के हाथ लगे कई वीडियो
फोन की गहराई से जांच में जांचकर्ताओं को सिर्फ ड्रोन से जुड़े डिजाइन ही नहीं, बल्कि रॉकेट लॉन्चर की भी कई तस्वीरें मिलीं. इसके अलावा कई वीडियो मिले जिनमें ड्रोन को मॉडिफाई करने, उसमें विस्फोटक फिट करने और उसे रिमोट से ऑपरेट करने जैसे तरीके साफ दिखते हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि ये सभी वीडियो एक खास ऐप के माध्यम से दानिश तक पहुंच रहे थे. इस ऐप में मिले कई विदेशी नंबरों ने एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. कहा जा रहा है कि दानिश के सीधे तौर पर कुछ विदेशी नेटवर्क से संपर्क हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें : क्या America ने भारत को बड़ी राहत देने का फैसला कर लिया? Trade Deal पर मिला बड़ा संकेत
ड्रोन तकनीक की गहरी समझ हासिल
जांच एजेंसियों का मानना है कि दानिश ने ड्रोन तकनीक की गहरी समझ हासिल कर ली थी और वह बेहद खतरनाक योजना पर काम कर रहा था. उसके फोन से बरामद डिजिटल सामग्री यह दिखाती है कि वह अकेला नहीं था, बल्कि किसी संगठित मॉड्यूल का हिस्सा लग रहा है. इसी कारण अब NIA उसके संपर्कों, फंडिंग और विदेशी कनेक्शन की परतें खोलने में जुट गई है. एजेंसियां यह भी मान रही हैं कि यह दिल्ली ब्लास्ट उसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है जिसके निशाने पर देश के कई बड़े शहर हो सकते थे.
NIA की आठ ठिकानों पर छापेमारी
इसी कड़ी में NIA ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के शोपियां, कुलगाम, पुलवामा और अवंतीपोरा समेत आठ ठिकानों पर छापेमारी की. लखनऊ में भी एक जगह तलाशी ली गई. इन जगहों से कई डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज और संवेदनशील सामग्री बरामद की गई है. यह पूरा ऑपरेशन दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम धमाके की जांच से जुड़ा है. जांच अधिकारी मानते हैं कि कई अहम सुराग मिलने बाकी हैं और दानिश का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसकी पूरी तस्वीर आने वाले दिनों में साफ होगी.