Nicotine Pouches Ban India : देशभर में तेजी से फैल रहे निकोटीन पाउच पर केंद्र सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने तंबाकू-मुक्त निकोटीन पाउच की बिक्री, प्रचार और सप्लाई पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऐसे उत्पाद जब्त करने के लिए भी कहा गया है। सरकार का कहना है कि ये उत्पाद युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रहे हैं।
ऑनलाइन से लेकर दुकानों तक होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों बाजारों में निगरानी बढ़ाई जाए। ई-कॉमर्स वेबसाइटों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और पान की दुकानों पर छापेमारी करने के लिए कहा गया है। अधिकारियों को ऐसे उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
क्या होते हैं निकोटीन पाउच?
निकोटीन पाउच छोटे पैकेट होते हैं, जिन्हें लोग होंठ और मसूड़े के बीच रखते हैं। इनमें तंबाकू नहीं होता, लेकिन निकोटीन मौजूद रहता है। दावा किया जाता है कि यह सिगरेट का विकल्प है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें मौजूद निकोटीन लत पैदा कर सकता है और शरीर पर गंभीर असर डाल सकता है।
ये भी पढ़ें : Varanasi Ropeway का किराया तय, 10 रुपये में सफर शुरू, जानिए किसे मिलेगी बड़ी छूट
युवाओं में तेजी से बढ़ रहा चलन
पिछले कुछ समय में युवा वर्ग के बीच इन पाउच का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। खासकर विदेशी ब्रांड के निकोटीन पाउच सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोकप्रिय हो रहे हैं। आसान उपलब्धता और आकर्षक पैकिंग की वजह से बड़ी संख्या में युवा इनकी तरफ खिंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जताई चिंता
विशेषज्ञों का कहना है कि निकोटीन दिल, दिमाग और शरीर के कई हिस्सों पर असर डाल सकता है। लगातार इस्तेमाल से इसकी आदत लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसी वजह से स्वास्थ्य विभाग लंबे समय से इन उत्पादों पर कड़ी निगरानी की मांग कर रहा था।
अब बढ़ेगी सख्ती
सरकार के नए निर्देशों के बाद राज्यों में कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है। अधिकारियों को ऐसे उत्पादों की बिक्री रोकने, स्टॉक जब्त करने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि इस कदम से युवाओं तक पहुंच रहे इस नए तरह के नशे पर लगाम लगाने में मदद मिल सकती है।