पुलिस ने निदा हत्याकांड का राजफाश किया है। निदा की गिरने से मौत नहीं हुई थी, बल्कि ननदोई से संबंध को लेकर हुए विवाद में ननद ने सब्जी काटने वाले चाकू से निदा की हत्या की थी। पुलिस ने निदा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू बरामद कर लिया।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने बताया, 12 जुलाई को अहमद नगर गली नंबर-दो निवासी निदा पत्नी शाहवेज की मौत हो गई थी। परिजनों ने गिरने से मौत का कारण बताया था, लेकिन निदा के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी थी। परिजनों का आरोप था कि निदा के शरीर और गले पर चोट के निशान थे।
भतीजी निदा की चाकू मारकर हत्या की गई
थाना प्रभारी ने बताया, अधिवक्ता आकिब अंसारी निवासी किदवई नगर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें वादी ने बताया था कि उनकी भतीजी निदा की चाकू मारकर हत्या की गई है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल की। थाना प्रभारी दलवीर सिंह ने बताया, जांच के दौरान पता चला कि घटना वाले दिन निदा का ननद रिमशा निवासी गेट वाली करीम नगर, अंसार ब्लॉक थाना नौचंदी से झगड़ा हुआ था। रिमशा को शक था कि निदा के उसके पति से संबंध में है। इसी विवाद में घटना वाले दिन रिमशा ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से निदा की हत्या कर दी और हत्या को हादसा दर्शाने का प्रयास किया गया था। रिमशा को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू भी बरामद कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने रिमशा को जेल भेज दिया।