इन दिनों बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का नाम तेजी से चर्चा में है। अब तक राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले निशांत को लेकर अचानक कयास लगाए जा रहे हैं कि वह सक्रिय राजनीति में कदम रख सकते हैं। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में वह जेडीयू में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इसी वजह से लोग उनके जीवन, पढ़ाई और संपत्ति के बारे में जानना चाहते हैं।
अब तक राजनीति से बनाए रखी दूरी
करीब 50 साल के निशांत कुमार अब तक सार्वजनिक जीवन में कम ही दिखाई दिए हैं। वह कभी-कभार मीडिया के सामने आए, लेकिन राजनीतिक बयान देने से अक्सर बचते रहे। कई बार उन्होंने साफ कहा कि उन्हें राजनीति में खास दिलचस्पी नहीं है और उनका झुकाव आध्यात्मिक जीवन की ओर ज्यादा है। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने अपने पिता के समर्थन में एक छोटा बयान जरूर दिया था।
जेडीयू में एंट्री की चर्चा तेज
हाल के दिनों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि निशांत कुमार जल्द ही जेडीयू में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। कुछ खबरों में यह भी कहा जा रहा है कि उन्हें बिहार की राजनीति में बड़ा चेहरा बनाया जा सकता है। क्योंकि नीतीश कुमार अब उम्र के उस पड़ाव पर हैं जहां भविष्य की राजनीति को लेकर नए चेहरों की तलाश की जा रही है। ऐसे में पार्टी के भीतर निशांत कुमार का नाम सामने आ रहा है।
ये भी पढ़ें : Iran-Israel जंग से बाजार में हलचल, निवेशक उलझन में, सोना सुरक्षित या चांदी से ज्यादा कमाई, जानिए ऐसे समय में कहां लगाना समझदारी होगा पैसा
पढ़ाई और शुरुआती जीवन
निशांत कुमार का जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई पटना के एक स्कूल से हुई और बाद में उन्होंने मसूरी के एक स्कूल में भी शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्होंने झारखंड के मेसरा स्थित एक प्रतिष्ठित संस्थान से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। दिलचस्प बात यह है कि उनके पिता नीतीश कुमार भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके हैं।
संपत्ति और पारिवारिक विरासत
अगर उनकी संपत्ति की बात करें तो रिपोर्ट के मुताबिक निशांत कुमार के पास लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति बताई जाती है। इसमें चल संपत्ति करीब 1.63 करोड़ रुपये और अचल संपत्ति करीब 1.98 करोड़ रुपये बताई जाती है। उनकी अधिकतर संपत्ति उन्हें अपनी मां मंजू सिन्हा से विरासत में मिली है, जो सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं और जिनका 2007 में निधन हो गया था।
कहां-कहां है जमीन और संपत्ति
निशांत कुमार के पास बिहार के नालंदा जिले के कल्याण बीघा गांव में कृषि भूमि बताई जाती है। इसके अलावा उसी इलाके में कुछ गैर-कृषि जमीन भी है। बख्तियारपुर के हकीकतपुर क्षेत्र में पैतृक घर और जमीन होने की जानकारी सामने आई है। पटना के कंकड़बाग इलाके में भी एक प्लॉट होने की बात कही जाती है। फिलहाल निशांत कुमार अविवाहित हैं और पटना में रहते हुए आम तौर पर सार्वजनिक जीवन से दूर ही रहते हैं।