Niti Taylor : टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री नीति टेलर ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दर्दनाक अनुभव साझा किया है. एक बातचीत के दौरान उन्होंने अपने पुराने रिश्ते के बारे में बताया और आरोप लगाया कि उनके एक्स बॉयफ्रेंड ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था. अभिनेत्री के मुताबिक, उस रिश्ते में उन्हें मारपीट और अपमान जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उनके इस खुलासे के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा हो रही है.
कैसी ये यारियां के दौरान रिश्ते में थीं नीति
नीति टेलर ने बताया कि ये घटनाएं उस समय की हैं, जब वह अपने लोकप्रिय शो 'कैसी ये यारियां' के पहले सीजन में काम कर रही थीं. उनके अनुसार, उस समय उनका बॉयफ्रेंड उनके पहनावे और दोस्तों के साथ बाहर जाने को लेकर सवाल उठाता था। अभिनेत्री ने बताया कि वह कम उम्र में थीं और शुरुआत में हर बात पर सफाई देने की कोशिश करती थीं.
जन्मदिन की पार्टी में हुआ विवाद
अभिनेत्री ने बातचीत में एक घटना का जिक्र किया, जब वह अपने एक्स बॉयफ्रेंड की जन्मदिन पार्टी में गई थीं. वहां का माहौल उन्हें अच्छा नहीं लगा, इसलिए उन्होंने अपनी सहेलियों के साथ लौटने का फैसला किया। नीति के मुताबिक, जब वह जाने से पहले बॉयफ्रेंड को अलविदा कहने पहुंचीं, तो उसने उन्हें रोकने की कोशिश की. इसी दौरान कथित तौर पर उसने उन्हें धक्का दिया और थप्पड़ मार दिया. उनकी सहेलियों ने बीच में आकर उन्हें वहां से निकालने में मदद की.
सिगरेट से जलाने का भी लगाया आरोप
नीति ने बताया कि विवाद इसके बाद भी खत्म नहीं हुआ. उनके अनुसार, बाद में उनके एक्स बॉयफ्रेंड ने उन्हें सिगरेट से जला दिया था। अभिनेत्री का कहना है कि उस घटना के निशान आज भी उनकी त्वचा पर मौजूद हैं. उन्होंने यह भी बताया कि रिश्ते में उन्हें बार-बार नीचा दिखाने और नियंत्रित करने वाले व्यवहार का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें - OTT Release This Week: 12 से 18 अक्टूबर तक ओटीटी पर आएंगी ये 6 नई फिल्में और सीरीज
पुराने अनुभवों पर खुलकर बोलीं अभिनेत्री
नीति टेलर का यह खुलासा रिश्तों में होने वाली हिंसा और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान खींचता है. उनका अनुभव बताता है कि किसी भी रिश्ते में सम्मान और सुरक्षा बेहद जरूरी हैं. किसी साथी का मारपीट करना, डराना या नियंत्रित करना सामान्य व्यवहार नहीं माना जाना चाहिए.