.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dc915226c-1149-4a89-9661-c82fa64e0fa4&w=3840&q=75)
Nitin Gadkari big statement: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान पैसों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें पैसों की कमी नहीं है और उनके पास 200 करोड़ रुपये महीना कमाने का दिमाग है। गडकरी ने कहा कि वह न तो दलाली करते हैं और न ही गलत तरीके से पैसा कमाते हैं, बल्कि ईमानदारी से कमाने का हुनर जानते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपने बेटों को कारोबार के नए-नए आइडिया देते हैं और उसी से उन्होंने ईरान में फलों के बड़े व्यापारिक सौदे किए।
बेटों को दिए कारोबार के आइडिया
गडकरी ने अपने भाषण में कहा कि वह अपने बेटों को ईमानदार व्यवसाय करने के सुझाव देते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उनके बेटे ने ईरान से 800 कंटेनर सेव मंगवाए और वहां 1000 कंटेनर केले भेजे, जिससे व्यापार का विस्तार हुआ। गडकरी ने कहा कि यह सबक वह हमेशा अपने परिवार को देते हैं कि कमाई का रास्ता ईमानदारी से ही होना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि उन्हें खुद भी कभी पैसों की चिंता नहीं रही, क्योंकि उन्हें पता है कि मेहनत और तकनीक से कैसे सही दिशा में धन कमाया जा सकता है।
यह भी देखेंःNepal violence: नेपाल हिंसा पर सख्त रुख: शहीद का दर्जा और मुआवजे का ऐलान
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम में गडकरी ने किसानों की स्थिति सुधारने पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक कृषि उपज की बिक्री के लिए नागपुर में तीन से चार स्थानों पर दुकानें शुरू की जा रही हैं। यह पहल न केवल उनकी निजी कमाई के लिए है, बल्कि किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। गडकरी ने किसानों से आह्वान किया कि वे पारंपरिक खेती के साथ तकनीक और विकल्पों का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल अन्नदाता ही नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऊर्जा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में भी कदम बढ़ाने होंगे। उनके मुताबिक, इस दिशा में प्रयास करने से किसानों की आय में जबरदस्त वृद्धि हो सकती है।