Nitin Nabin UP Election : मुजफ्फरनगर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। खतौली के चीतल ग्रांड, टाटा मोटर्स और रोहाना टोल प्लाजा समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर दिया संदेश
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटना है और भाजपा के उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
खुले वाहन से किया संबोधन
टाटा मोटर्स परिसर के पास स्वागत कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन खुले वाहन में खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते नजर आए। उन्होंने स्वागत के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद जताया। इस दौरान भारत माता की जय और भाजपा के समर्थन में नारे भी लगाए गए।
सहारनपुर रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात
मुजफ्फरनगर से सहारनपुर रवाना होने से पहले नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके जाने के बाद मंच से कई स्थानीय नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कार्यक्रम में पहुंचने के लिए धन्यवाद दिया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
इसे भी पढ़ें : 32 रन बनाकर भी बच गई टीम इंडिया की इज्जत, जापान के खिलाफ रोमांचक जीत से बनाया बड़ा रिकॉर्ड
चुनावी तैयारी पर फोकस
भाजपा नेतृत्व की ओर से दिए गए संदेश में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर विशेष जोर दिखाई दिया। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।