नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने के बाद, डोनाल्ड ट्रंप ने नॉर्वे के पीएम को एक मैसेज भेजा जिसमें कहा कि अब वह शांति के लिए बाध्य नहीं हैं और ग्रीनलैंड पर पूरी तरह से अपने कब्जे में लाना चाहते हैं। नॉर्वे के पीएम जोनास गहर स्टोर ने सोमवार को पुष्टि की कि उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक मैसेज मिला है, जिसमें कहा गया है कि नोबेल पुरस्कार न मिलने के बाद अब उन्हें शांति के बारे में सोचने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती।
अमेरिका के लिए क्या अच्छा और सही है
इस खत में जोनास को संबोधित करते हुए ट्रंप ने लिखा, चूंकि आपके देश ने मुझे आठ युद्धों को रोकने के लिए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं देने का फैसला किया है, इसलिए अब मुझे पूरी तरह से शांति के बारे में सोचने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती, हालांकि यह हमेशा हावी रहेगा, लेकिन अब मैं सोच सकता हूं कि संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए क्या अच्छा और सही है।
कोई लिखित दस्तावेज नहीं
उन्होंने फिर ग्रीनलैंड पर पूर्ण नियंत्रण की बात कही। आगे लिखा, “डेनमार्क उस जमीन को रूस या चीन से नहीं बचा सकता, और वैसे भी उनके पास मालिकाना हक क्यों है? कोई लिखित दस्तावेज नहीं हैं; बस सैकड़ों साल पहले एक नाव वहां उतरी थी, लेकिन हमारी नावें भी वहां उतरी थीं। मैंने नाटो के गठन के बाद से किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में नाटो के लिए ज्यादा किया है, और अब, नाटो को संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए कुछ करना चाहिए। जब तक हमारे पास ग्रीनलैंड पर पूरा नियंत्रण नहीं होगा, दुनिया सुरक्षित नहीं है।”
पत्र की प्रामाणिकता की भी पुष्टि की
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने उन्हें नोबेल पुरस्कार न देने के लिए नॉर्वे को निशाने पर लिया है। हालांकि, यह ध्यान देने वाली बात है कि नोबेल पुरस्कार का फैसला ओस्लो में एक स्वतंत्र समिति करती है, न कि नॉर्वे सरकार। नॉर्वे के पीएम ने स्थानीय अखबार वीजे को पत्र की प्रामाणिकता की भी पुष्टि की।