नोएडा | थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-121 गढ़ी चौखंडी गांव में एक गंभीर घटना सामने आई है। 16 वर्षीय अमृत शर्मा नामक किशोर ने अपने पिता राजू शर्मा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और उसके बाद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार राजू शर्मा मूल रूप से झारखंड के बोकारो स्टील सिटी के रहने वाले थे और नोएडा में ट्यूशन का कार्य करते थे। वे और उनका बेटा अमृत गढ़ी चौखंडी के तिकोना पार्क स्थित अजनारा समिति गली नंबर-2 के मकान नंबर 11 के ए-5 कमरे में किराए पर रह रहे थे। अमृत की मां रूबी शर्मा भी मूल रूप से झारखंड के बोकारो जिले की हैं। पति-पत्नी आपसी विवाद के कारण कई वर्षों से अलग रह रहे थे। अमृत पिता के साथ रहता था।
पुलिस जांच के अनुसार, राजू शर्मा अमृत को घर से बाहर जाने नहीं देते थे और स्कूल में दाखिला भी नहीं दिलाया था। अमृत अवसादग्रस्त था। बुधवार तड़के जब राजू शर्मा सो रहे थे, अमृत ने कुल्हाड़ी से उन पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खून से सने कपड़े बदले, पिता की तस्वीर पर माला चढ़ाई, कमरे को बाहर से ताला लगाया, पिता का मोबाइल और बैग लिया तथा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पहुंचा। वहां उसने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
अमृत के चाचा अरुण शर्मा ने थाना फेस-3 में सूचना दी कि उनके भतीजे ने आत्महत्या कर ली है और भाई राजू शर्मा का पता नहीं चल रहा। पुलिस ने अमृत के पास से मिले मोबाइल और चाबियों की मदद से किराए के कमरे का पता लगाया। गुरुवार रात कमरे से राजू शर्मा का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। पास में खून से सनी कुल्हाड़ी और अमृत के कपड़े भी मिले।
दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना फेस-3 पुलिस ने अरुण शर्मा की तहरीर पर अमृत शर्मा के नाम पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जांच जारी है।