नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने अपने लगभग 4800 श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता (संविदा) कर्मचारियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा शुरू करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब इन कर्मचारियों के परिवार के 5 सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मेडिकल इलाज का लाभ मिल सकेगा।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला पिछले साल 26 अक्टूबर 2024 को हुई प्राधिकरण की 215वीं बोर्ड बैठक में संचालक मंडल द्वारा पहले ही अनुमोदित किया जा चुका था।
क्या है योजना?
प्रत्येक कर्मचारी के 5 आश्रित सदस्यों को 5 लाख रुपये तक (वार्षिक सीमा) मेडिकल सुविधा मिलेगी।
प्रीमियम राशि 10,000 रुपये प्रति कर्मचारी प्रति वर्ष होगी, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस कंपनी को श्रम आपूर्तिकर्ता एजेंसी के माध्यम से दी जाएगी।
इलाज की सुविधा इंश्योरेंस के पहले दिन से ही शुरू हो जाएगी, जिसमें गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल है।
नोएडा और दिल्ली के अधिकांश बड़े अस्पताल इस योजना में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि पहले ईएसआई विभाग की सीमा केवल 21,000 रुपये तक होने के कारण ये सभी कर्मचारी ईएसआई सुविधा से बाहर हो गए थे। इसके बाद कर्मचारियों द्वारा लगातार मेडिकल सुविधा की मांग की जा रही थी।
गुरुवार को नोएडा प्राधिकरण, श्रम आपूर्तिकर्ता एजेंसियों और एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के बीच एमओयू (समझौता) साइन किया गया।यह फैसला नोएडा प्राधिकरण के ठेका कर्मचारियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। अब उन्हें और उनके परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।