नोएडा में आने वाले समय में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। प्राधिकरण के मुताबिक अगले 5 साल में शहर में तीन नए मेट्रो रूट पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इन रूट्स का मकसद नोएडा के साथ-साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी देना है। अभी शहर में सीमित मेट्रो रूट हैं, लेकिन विस्तार के बाद यात्रा और आसान और तेज हो जाएगी।
नए प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम
सेक्टर 142 से बॉटेनिकल गार्डन तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन के लिए डिटेल डिजाइन सर्वे चल रहा है। उम्मीद है कि अगले 2 से 3 महीनों में टेंडर जारी होगा और साल के अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। वहीं सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो सेवा के लिए संशोधित डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद इस रूट पर काम शुरू होगा और तय समय में इसे चालू किया जाएगा।
बोड़ाकी तक भी पहुंचेगी मेट्रो
ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो लाइन बढ़ाने की भी तैयारी चल रही है। अधिकारियों के अनुसार अगले 6 से 7 महीनों में इस परियोजना पर निर्माण शुरू हो सकता है। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और यात्रियों को लंबी दूरी तय करने में आसानी मिलेगी।
ये भी पढ़ें : हवा में दौड़ेगी टैक्सी, 15 मिनट में सफर, शहरों की दूरी होगी खत्म
सड़क परियोजनाओं पर भी फोकस
मेट्रो के साथ-साथ सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत किया जा रहा है। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम तेज किया गया है। चिल्ला एलिवेटेड रोड करीब 5.96 किलोमीटर लंबी होगी और यह दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक बनेगी। इससे फिल्म सिटी के पास जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।
अन्य प्रोजेक्ट्स भी तेजी से जारी
नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को 45 मीटर तक चौड़ा करने का काम चल रहा है और जमीन से जुड़ी अड़चनों को दूर किया जा रहा है। सेक्टर 146 के पास हिंडन नदी पर बन रहा पुल भी तेजी से तैयार हो रहा है और अगले 4 महीनों में इसके पूरा होने की उम्मीद है। इन सभी परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था पहले से ज्यादा बेहतर और सुगम बनने वाली है।