नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में श्रावण मास एवं श्रावण शिवरात्रि पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय सूरजपुर में सेंट्रल नोएडा के समस्त एसीपी, कांवड़ रूट से संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट प्रभारी के साथ गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी में एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कांवड़ रजिस्टर तैयार करें। कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की जाए। कांवड़ मार्गों पर यदि कहीं गड्ढे हैं या प्रकाश व्यवस्था की समस्या है तो संबंधित विभाग से समन्वय कर तुरंत निस्तारण कराया जाए।
डीजे संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा नहीं होगी। शिविर और पंडाल लगाने वाले आयोजकों के साथ भी बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश सुनिश्चित किए जाएं।पुलिस कमिश्नरेट ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर तैयारी तेज कर दी है। अधिकारियों को यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अपील
पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, डीजे संचालकों और शिविर आयोजकों से अपील की है कि वे सभी नियमों का पालन करें और कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने में पुलिस का सहयोग करें।