गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-113 ने सोशल मीडिया पर फर्जी जॉब विज्ञापन चलाकर युवाओं को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एंथूरियम बिजनेस पार्क, सेक्टर-73 स्थित किराए के ऑफिस पर छापेमारी कर छह अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरोह देश-विदेश के क्रूज शिप (समुद्री जहाज) पर आकर्षक नौकरी दिलाने का लालच देकर लोगों से 40,000 से 60,000 रुपये तक वसूलता था।
फीस के नाम पर पैसे मांगे जाते
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि अभियुक्तों ने M/S RECRUITE SERVICE नाम से फर्जी कंपनी बनाई थी। वे फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर "WE ARE HIRING" नाम से पेड विज्ञापन चलाते थे। इन एड में क्रूज पर हाई सैलरी वाली नौकरियां, फ्री वीजा-टिकट और तुरंत जॉइनिंग जैसे प्रलोभन दिए जाते थे। इच्छुक उम्मीदवार संपर्क करने पर उन्हें ऑनलाइन फॉर्म भरवाया जाता, व्यक्तिगत डिटेल्स ली जातीं और फिर प्रोसेसिंग/रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पैसे मांगे जाते।पैसे मिलने के बाद आरोपी फर्जी जॉइनिंग लेटर ईमेल से भेज देते और कहते कि जल्द ही नियुक्ति पत्र आएगा। इसके बाद या तो संपर्क काट देते या और पैसे मांगते। जांच में पता चला कि यह पूरा सेटअप सेक्टर-73 के एक व्यावसायिक परिसर में चल रहा था, जहां कंप्यूटर, मॉनिटर और फोन से कॉल सेंटर जैसा काम होता था। महिला और पुरुष दोनों सदस्य अलग-अलग भूमिकाएं निभाते थे।
गिरफ्तारी और बरामदगी
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि 10 मार्च 2025 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-113 की टीम ने ऑफिस पर छापा मारा। छह अभियुक्तों को मौके से दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सरीम खान (25 वर्ष, B.Com, गढ़मुक्तेश्वर/मामूरा), शोएब खान (25 वर्ष, 12वीं, मोदीनगर/मामूरा), रितिका (19 वर्ष, 10वीं, मामूरा, सेक्टर-66), मन्तसा अब्बासी (24 वर्ष, MBA, मेरठ/सरफाबाद), फातिमा (19 वर्ष, 12वीं, दिल्ली) व खुशी उर्फ खुशबू (20 वर्ष, BBA, सेक्टर-63) आदि शामिल हैं।
पूछताछ में पूरा राज उगल दिया
पूछताछ में सरीम खान और शोएब खान ने पूरा राज उगल दिया। उन्होंने बताया कि कैसे एड चलाकर लोग फंसाते थे और पैसे वसूलते थे।इनके कब्जे से 7 मोबाइल फोन,
01 लैपटॉप,5 मॉनिटर, 5 कीबोर्ड, 5 CPU, 4 माउस,1 राउटर, 2 मोहर, 2 चेकबुक, 2 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज और फर्जी जॉइनिंग लेटर संबंधित सामग्री मिली है।
नौकरी के नाम पर ठगी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई कई युवाओं को आगे होने वाली ठगी से बचाने में सफल रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई भी जॉब ऑफर जो पहले पैसे मांगे, उसे तुरंत संदिग्ध मानें और साइबर क्राइम सेल या स्थानीय थाने में सूचना दें। नौकरी के नाम पर ठगी के ऐसे मामले हाल के महीनों में बढ़े हैं, इसलिए सतर्कता बरतना जरूरी है।