पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया से एक 21 वर्षीय युवक की जान बच गई। सोशल मीडिया पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट करते ही पुलिस की टीम ने युवक को ट्रेस कर उसके घर पहुंचकर कलाई पर ब्लेड मारने के प्रयास से बचा लिया।
ऐसे हुई घटना
19 जुलाई को 21 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका के परिजनों द्वारा दोनों के मिलने पर रोक लगाए जाने के कारण गहरे अवसाद में इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट कर दिया। मेटा कंपनी ने दोपहर 3:48 बजे इस पोस्ट का अलर्ट उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को भेजा। मुख्यालय से तुरंत लोकेशन ट्रेस कर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की मीडिया सेल को सूचना दी गई।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में मीडिया सेल ने तुरंत थाना बिसरख पुलिस को अलर्ट किया। थाना बिसरख की टीम बिना समय गंवाए युवक के घर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलते ही देखा कि युवक अपनी कलाई पर ब्लेड से कट लगाने की कोशिश कर रहा था और बड़बड़ा रहा था। पुलिसकर्मियों ने तुरंत ब्लेड उसके हाथ से छीन लिया और परिजनों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
युवक की कहानी
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह 12वीं पास है और मजदूरी करता है। वह एक लड़की से प्रेम करता था, लेकिन लड़की के परिवार ने दोनों के मिलने पर रोक लगा दी थी। इसी तनाव के चलते वह मानसिक रूप से टूट गया और आत्महत्या का कदम उठाने जा रहा था। पुलिस काउंसलिंग के बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखना और ऐसे संवेदनशील मामलों में तुरंत कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। इस घटना ने पुलिस की सतर्कता और समन्वय की मजबूती को एक बार फिर साबित किया है।