
Asian Yogasana Championship: नोएडा की 17 वर्षीय सान्वी सहगल ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर दुबई के फुजैराह में आयोजित 6ठे एशियाई योगासना चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया है। लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा में कक्षा 12वीं की छात्रा सान्वी ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी योग कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित किया। सेक्टर 36 निवासी सान्वी ने इस प्रतियोगिता में न केवल अपनी शारीरिक क्षमता और मानसिक एकाग्रता का प्रदर्शन किया, बल्कि योग की गहरी समझ और समर्पण के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस चैंपियनशिप में विभिन्न देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, लेकिन सान्वी की निपुणता और आत्मविश्वास ने उन्हें शीर्ष स्थान दिलाया।सान्वी ने अपनी इस उपलब्धि को अपने परिवार, शिक्षकों और प्रशिक्षकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, "यह जीत मेरे लिए बहुत मायने रखती है। मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की थी, और मेरे स्कूल लोटस वैली इंटरनेशनल ने मुझे हर कदम पर प्रोत्साहित किया। मैं अपने देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करना चाहती हूँ।"लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. रुचि सेठ ने सान्वी की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, "सान्वी ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। वह हमारे स्कूल और नोएडा की सच्ची प्रेरणा हैं।"
सान्वी की इस उपलब्धि ने नोएडा के सेक्टर 36 के निवासियों में भी गर्व की लहर दौड़ा दी है। सेक्टर 36 आर डब्ल्यू ए की अध्यक्ष अनिता सिंह ने इस युवा प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सान्वी ने न केवल नोएडा बल्कि पूरे भारत को गौरवान्वित किया है।