Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर में 16 नवंबर की रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा भारी मारपीट और फायरिंग में बदल गया, जिसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इन्हीं घायलों में शामिल आयुष को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। आयुष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी
नूरपुर निवासी सुंदर ने पुलिस में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि रविवार शाम लगभग चार बजे उनका बेटा अमन बुग्गी लेकर गांव से गुजर रहा था। रास्ते में संजय का ट्रैक्टर खड़ा था। अमन ने संजय और उसके बेटे अर्पित से ट्रैक्टर हटाने को कहा, जिस पर अर्पित भड़क गया और उसने अमन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
देशी हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी
रात करीब साढ़े आठ बजे मामला फिर बिगड़ गया। आरोप है कि संजय, अर्पित, श्रवण, प्रेमपाल, अक्षय, अमित और भूरे ने मिलकर जगदीश को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब जगदीश की चीख सुनकर सुंदर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी अपने घर की छत पर चढ़ गए और देशी हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग और मारपीट में आयुष, निखिल, अनुज, रवि, विजय, संत सिंह और माही घायल हो गए। घायलों को तुरंत नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। रवि और आयुष की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। बाद में आयुष को दिल्ली के एम्स भेजा गया, जहां गुरुवार रात उसने दम तोड़ दिया।
9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
घटना के बाद नूरपुर गांव में तनाव बढ़ गया। दोनों पक्ष एक ही गांव के होने के कारण पुलिस ने एहतियातन गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पीड़ित पक्ष की ओर से कुल नौ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे तमंचे बरामद किए हैं। मामले में आरोप है कि घटना की साजिश गांव के ग्राम प्रधान और जेल में बंद एक हिस्ट्रीशीटर द्वारा रची गई थी। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि घायल हुए युवक आयुष की मौत की जानकारी मिली है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।