Chicken Leg Piece In Jhalmuri: झलमुड़ी का नाम सुनते ही दिमाग में मुरमुरे, प्याज, हरी मिर्च और मसालों से बनी चटपटी चीज आती है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में इसका ऐसा रूप दिखा, जिसे देखकर लोग रुककर वीडियो देखने लगे। बांग्लादेश के इस स्ट्रीट फूड वीडियो में झलमुड़ी के साथ चिकन ग्रेवी और पूरा चिकन लेग पीस डाला जाता है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर एक फूड ब्लॉगर ने शेयर किया है।
पहले डाला चिकन का मसालेदार ग्रेवी
वीडियो में दुकानदार सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मुरमुरे लेता है। इसके बाद इसमें चिकन की ग्रेवी, कटे हुए प्याज, टमाटर और हरा धनिया डाला जाता है। स्वाद बढ़ाने के लिए हरी और मीठी चटनी भी इसमें शामिल की जाती है। इसके बाद आलू के मसालेदार मिश्रण की अच्छी मात्रा डाली जाती है।
फिर आया पूरा चिकन लेग पीस
वीडियो का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा इसके बाद आता है। दुकानदार झलमुड़ी में पूरा चिकन लेग पीस डाल देता है। इसके बाद वह चिकन के मांस को निकालकर बाकी सामग्री के साथ अच्छी तरह मिला देता है। ऊपर से प्याज और हरा धनिया डालकर इसे कागज के पैकेट में परोसा जाता है।
करोड़ों बार देखा गया वीडियो
इस अनोखे खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो को 19 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, जबकि एक ताजा रिपोर्ट में इसे 20 मिलियन से ज्यादा बार देखे जाने की बात कही गई है। कमेंट सेक्शन में कुछ लोग इसे आजमाने की इच्छा जता रहे हैं, तो कुछ इस कॉम्बिनेशन को देखकर हैरान हैं।
खाने को लेकर बंटे लोगों के रिएक्शन
वीडियो देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी काफी अलग-अलग हैं। कुछ लोगों को यह नया फूड कॉम्बिनेशन मजेदार लगा, जबकि कुछ ने इसे देखकर साफ कहा कि वे इसे नहीं खाएंगे। यही अलग अंदाज इस वीडियो को सोशल मीडिया पर चर्चा में ला रहा है। झलमुड़ी का यह चिकन वाला रूप अब स्ट्रीट फूड के शौकीनों के बीच खूब चर्चा बटोर रहा है।