Delhi News: पश्चिमी दिल्ली की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह “हकला घोड़ा गैंग” के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन चोरी की चार पहिया गाड़ियां और एक चोरी की कार की नंबर प्लेट बरामद की है। उसकी गिरफ्तारी से कुल आठ वाहन चोरी के मामले सुलझ गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश उर्फ विक्की उर्फ पाजी उर्फ हकला (उम्र 41 वर्ष) निवासी बाबा कॉलोनी, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 60 से अधिक वाहन चोरी और चोरी की वारदातों के मामले दर्ज हैं।
रात 2 बजे पुलिस का जाल, शातिर पकड़ा गया
एएटीएस वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम को 3 नवम्बर की रात गुप्त सूचना मिली कि पंजाबी बाग इलाके में चोरी हुई ब्रेज़ा कार का आरोपी रोहतक रोड की तरफ आने वाला है। सूचना पर इंस्पेक्टर मुकेश मीणा की अगुवाई में टीम ने एसीपी (ऑप्स) देवेंद्र के निर्देशन और डीसीपी पश्चिम दराड़े शरद भास्कर की निगरानी में जाल बिछाया। करीब 2:15 बजे, संदिग्ध व्यक्ति किआ सेल्टोस (HR51BY4511) में आता दिखाई दिया। रुकने के इशारे पर उसने गाड़ी भगा दी, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। जांच में गाड़ी शालीमार बाग थाने से चोरी की पाई गई।
तीन गाड़ियां, एक नंबर प्लेट बरामद
आरोपी की निशानदेही पर दो और चोरी की गाड़ियां—
- किआ सेल्टोस (UP14EK0101)
-ह्यूंदै क्रेटा (DLBCAY9983)
तथा एक चोरी की ब्रेज़ा (DL8CAZ3308) की नंबर प्लेट बरामद की गई।
दिल्ली-हरियाणा के कई थानों में था वांछित
आरोपी के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा के आठ से अधिक थानों में केस दर्ज हैं। इनमें पंजाबी बाग, शालीमार बाग, रानी बाग, हरिनगर, मॉडल टाउन (दिल्ली) तथा चांदनी बाग (पानीपत) और मुरथल (सोनीपत) थानों के मामले शामिल हैं।
2011 से चला रहा था चोरी का सिंडिकेट
पुलिस पूछताछ में मुकेश ने बताया कि वह पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले टैक्सी चलाता था। बाद में वाहन चोरों के संपर्क में आकर उसने खुद का गिरोह बना लिया जिसे “हकला घोड़ा गैंग” कहा जाता है। यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में लग्ज़री गाड़ियां चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचता था। डीसीपी दराड़े शरद भास्कर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।