आईसीसी ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को और ज्यादा रोमांचक और न्यायसंगत बनाने के लिए पावरप्ले नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब अगर किसी टी20 मैच में बारिश या अन्य किसी कारण से ओवर घटा दिए जाते हैं, तो पावरप्ले ओवर की बजाय गेंदों के आधार पर तय किया जाएगा. अब तक 20 ओवर की पारी में पहले 6 ओवर पावरप्ले के होते थे, लेकिन 2 जुलाई से लागू होने वाले नए नियमों के मुताबिक यदि किसी टीम को सिर्फ 5 ओवर खेलने मिलते हैं तो उसे 1.3 ओवर (यानि 9 गेंद) का पावरप्ले मिलेगा. इसी तरह 6 ओवर की पारी में 1.5 ओवर (यानि 9 गेंद), और 10 ओवर की पारी में 3 ओवर (18 गेंद) का पावरप्ले तय होगा. यदि पारी 19 ओवर की होती है तो पावरप्ले 5.4 ओवर (34 गेंद) का रहेगा. यह नियम इंग्लैंड के टी20 ब्लास्ट में पहले से ही लागू है और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रयोग में लाया जाएगा.
ओवर रेट पर सख्ती: लागू होगा स्टॉप क्लॉक नियम
टी20 में ओवर रेट को सही रखने के लिए भी एक नया नियम पेश किया गया है – स्टॉप क्लॉक नियम. इस नियम के तहत अब एक ओवर खत्म होने के बाद अगला ओवर शुरू करने के लिए केवल 60 सेकंड का समय मिलेगा. अगर कोई टीम इस समयसीमा का दो बार उल्लंघन करती है, तो उसे दो चेतावनी दी जाएंगी. तीसरी बार नियम तोड़ने पर अंपायर दोषी टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगाएंगे. यह नियम खेल की गति बढ़ाने और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
वनडे में भी बदलाव: दो नई गेंदों का आधा समय तक ही इस्तेमाल
वनडे क्रिकेट में भी एक बड़ा बदलाव किया गया है. अब हर पारी में पहले 35 ओवर तक दो नई गेंदों का उपयोग किया जाएगा, जबकि अंतिम 15 ओवर में केवल एक ही गेंद से खेला जाएगा. इससे गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का अधिक मौका मिलेगा और बल्लेबाजों को नई गेंद की चुनौती से कुछ राहत भी मिलेगी.
2 जुलाई से लागू होंगे ये नियम
आईसीसी के ये नए नियम 2 जुलाई 2025 से विश्वभर में सभी पुरुष अंतरराष्ट्रीय मैचों पर लागू होंगे. इन बदलावों से खेल का संतुलन बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे दर्शकों को एक नई तरह की क्रिकेटिंग रणनीति और रोमांच का अनुभव मिलेगा.