अब आपका आधार कार्ड और भी ज्यादा स्मार्ट और डिजिटल होने जा रहा है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) एक नया मोबाइल ऐप लेकर आ रहा है, जिससे आधार से जुड़ी तमाम सेवाएं अब सीधे मोबाइल पर उपलब्ध होंगी. यह नया सिस्टम न केवल फिजिकल आधार कार्ड की जरूरत को कम करेगा, बल्कि फर्जी दस्तावेज़ों के इस्तेमाल पर भी लगाम लगाएगा.
QR कोड से होगी जानकारी की शेयरिंग
UIDAI के इस नए सिस्टम में आधार कार्ड की जानकारी QR कोड के ज़रिए मोबाइल से मोबाइल या ऐप के जरिए शेयर की जा सकेगी, लेकिन तभी जब उपयोगकर्ता खुद इसकी अनुमति देगा. अब फोटोकॉपी देने या लंबी लाइन में लगने की झंझट नहीं रहेगी. होटल चेक-इन, ट्रेन में पहचान सत्यापन, या प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन जैसे काम घर बैठे और सुरक्षित तरीके से हो सकेंगे.
नवंबर तक देश में लागू हो सकता है नया सिस्टम
UIDAI इस नई तकनीक के लिए एक खास ऐप तैयार कर चुका है. अभी पायलट प्रोजेक्ट के तहत लगभग एक लाख में से 2,000 मशीनें इस पर काम कर रही हैं. संभावना है कि नवंबर 2025 तक यह सुविधा पूरे देश में शुरू कर दी जाएगी. इसमें विभिन्न सरकारी डेटाबेस जैसे बर्थ सर्टिफिकेट, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड और मनरेगा से जानकारी सीधे ली जाएगी. इससे फर्जी दस्तावेज़ों से आधार बनवाने की कोशिशें भी रोकी जा सकेंगी.
आपको मिलेगा आपके डेटा पर पूरा कंट्रोल
UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि इस ऐप के ज़रिए लोगों को अपने डेटा पर पूर्ण नियंत्रण मिलेगा. यूज़र की अनुमति के बिना उसकी कोई भी जानकारी साझा नहीं की जा सकेगी. यह सुविधा कई क्षेत्रों में पहचान सत्यापन को आसान और सुरक्षित बनाएगी.
बच्चों के आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान
UIDAI अब 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र के बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है. अभी करीब 8 करोड़ बच्चों का पहला और 10 करोड़ का दूसरा अपडेट लंबित है. इसके लिए UIDAI ने CBSE सहित अन्य बोर्डों से बातचीत भी शुरू कर दी है.
SWIK अभियान के तहत और भी सेवाएं होंगी डिजिटल
UIDAI ने Social Welfare, Innovation and Knowledge (SWIK) अभियान की शुरुआत की है, जिसके तहत होटल, कैब सेवाएं, फूड डिलीवरी, CGHS और ESIC जैसी संस्थाओं के साथ भी आधार वेरिफिकेशन की संभावनाओं पर काम हो रहा है. हालांकि आधार यहां अनिवार्य नहीं है, लेकिन इसकी मदद से ड्राइवर, डिलीवरी एजेंट और कर्मचारियों की पहचान की पुष्टि सुरक्षित तरीके से की जा सकेगी.
अब एक ऐप से होंगे कई सरकारी काम
UIDAI का यह नया ऐप लोगों को पता, मोबाइल नंबर, नाम बदलने जैसी सुविधाएं भी घर बैठे उपलब्ध कराएगा. बच्चों का आधार अपडेट हो या संपत्ति रजिस्ट्रेशन – अब सबकुछ डिजिटल, सुरक्षित और आसान होगा.