भारतीय डाक विभाग ने ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब घर बैठे पार्सल और स्पीड पोस्ट भेजने की नई सुविधा शुरू की है। दिल्ली सर्कल ने इसकी शुरुआत ट्रायल आधार पर वेस्ट डिविजन में की है। इस सेवा का नाम मोबाइल पार्सल बुकिंग वैन रखा गया है। यह वैन रोजाना अपने तय रूट पर चलती है और सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ग्राहकों के घर, दुकान या दफ्तर से पार्सल और डाक सामग्री बुक करती है। खास बात यह है कि इस सेवा के लिए किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
पूरी दिल्ली में लागू की जाएगी
अब लोगों को पार्सल भेजने के लिए पोस्ट ऑफिस की कतारों में खड़ा होने की जरूरत नहीं है। बस ऑनलाइन या फोन के जरिए बुकिंग करें, और डाक विभाग की वैन आपके दरवाजे पर आकर सामान ले जाएगी। वेस्ट डिविजन में ट्रायल सफल रहने पर यह सेवा जल्द ही पूरी दिल्ली में लागू की जाएगी। इस पहल का मकसद लोगों का समय बचाना, डाक विभाग की सेवाओं को आधुनिक बनाना और पार्सल डिलीवरी में डोर-टू-डोर सुविधा को बढ़ावा देना है। सादे शब्दों में कहें तो-अब पोस्ट ऑफिस आपके घर आएगा, और आपकी डाक बिना किसी झंझट के सही जगह पहुंच जाएगी।
पैकिंग भी सुविधा देंगे डाक विभाग के कर्मी
इस सर्विस की खास बात है कि अगर आपके पास पार्सल रिटेल, स्पीड पोस्ट करने के लिए पैकेजिंग की सामग्री गत्ता, बोर्ड या पेपर नहीं हैं तो किसी तरह की समस्या नहीं है। ऐसे हालात में वैन में सवार बुकिंग क्लर्क की जिम्मेदारी होगी कि वह पैकिंग की व्यवस्था भी देगा। ये शुल्क प्राइवेट कोरियर से काफी कम है।