NPCIL Recruitment: न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड यानी एनपीसीआईएल में उप प्रबंधक और कनिष्ठ हिंदी अनुवादक के पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती अभियान के जरिए 100 से ज्यादा पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन करने की लास्ट डेट बेहद नजदीक है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जल्द से जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि आवेदन करने की अंतिम तारीख 27 नवंबर 2025 तय की गई है।
शैक्षणिक योग्यता
आपको बता दें कि इस भर्ती के जरिए कुल 122 पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता की बात करें, तो उप प्रबंधक के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक या स्नातकोत्तर की डिग्री होना आवश्यक है, जबकि कनिष्ठ हिंदी अनुवादक के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास हिंदी या अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री और निर्धारित अन्य योग्यता होना जरूरी है।
आयु सीमा
वहीं आयु सीमा की बात की जाए, तो उप प्रबंधक के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए। वहीं कनिष्ठ हिंदी अनुवादक के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए। बता दें, आऱक्षित वर्ग से आने वाले लोगों को सरकारी नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उम्मीदवारों से कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे जिनमें क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग, लोक सेवा में नैतिकता, अंग्रेजी और सामान्य जागरूकता जैसे विषय शामिल रहेंगे। इस परीक्षा को पास करने वाले उम्मीदवारों को अंतिम चरण यानि इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।