NPS Health : बढ़ते इलाज के खर्च के बीच सेवानिवृत्ति की बचत के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा चाहने वालों के लिए NPS Health योजना की जानकारी सामने आई है। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण यानी PFRDA ने इस योजना के लिए संचालन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योजना में NPS Health Investment Account के साथ Super Top-Up Health Insurance की सुविधा जोड़ी गई है। इसके जरिए पात्र स्वास्थ्य खर्चों के लिए खाते से रकम निकालने का विकल्प भी दिया गया है।
दो हिस्सों में बांटी गई योजना
NPS Health को दो अलग हिस्सों में रखा गया है। पहला NPS Health Investment Account है, जिसमें ग्राहक रकम जमा करेगा। दूसरा Super Top-Up Health Insurance Policy है, जो स्वास्थ्य सुरक्षा देगा। दोनों की कानूनी और संचालन व्यवस्था अलग रहेगी। योजना में शामिल होने के लिए स्वास्थ्य बीमा लेना जरूरी होगा। बीमा में ग्राहक, जीवनसाथी और अधिकतम दो आश्रित बच्चों को परिवार फ्लोटर के तहत कवर किया जाएगा। माता-पिता इसमें शामिल नहीं होंगे।
शुरुआत में जमा करने होंगे हजार रुपये
योजना शुरू करते समय NPS Health खाते में कम से कम 1,000 रुपये का योगदान करना होगा। इसके साथ पहले वर्ष का बीमा प्रीमियम और उस पर लागू कर का भुगतान भी करना होगा। सालाना 200 रुपये का रखरखाव शुल्क भी देना होगा। इसके बाद खाते में न्यूनतम 10 रुपये का योगदान किया जा सकता है। पेंशन फंड NPS Health खाते पर सालाना 0.08 प्रतिशत तक शुल्क भी ले सकता है।
ये भी पढ़ें : छठ-दिवाली पर Train Ticket की टेंशन खत्म? रेलवे ने शुरू कीं 13 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
डिडक्टिबल के हिसाब से मिलेगा कवर
Super Top-Up Health Insurance में अलग-अलग डिडक्टिबल और बीमा राशि के विकल्प दिए गए हैं। 10,000 रुपये के डिडक्टिबल पर 1 लाख रुपये का कवर, 50,000 रुपये पर 5 लाख रुपये, 1 लाख रुपये पर 10 लाख रुपये और 3 लाख रुपये के डिडक्टिबल पर 30 लाख रुपये तक का कवर उपलब्ध होगा। इस पॉलिसी को 18 से 70 वर्ष की उम्र के लोग ले सकते हैं और नियमों के अनुसार इसका नवीनीकरण 85 वर्ष तक किया जा सकता है।
स्वास्थ्य खर्च पर रकम निकालने का विकल्प
NPS Health खाते में जमा रकम का 25 प्रतिशत तक पात्र स्वास्थ्य खर्चों के लिए निकाला जा सकता है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने और पात्र बाह्य रोगी यानी ओपीडी उपचार जैसे खर्च शामिल हो सकते हैं। यह राशि सीधे ग्राहक को देने के बजाय अस्पताल या संबंधित स्वास्थ्य सेवा प्रदाता को भुगतान की जाएगी। इससे खाते में जमा रकम का इस्तेमाल निर्धारित स्वास्थ्य जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।
इन इलाजों का मिल सकता है लाभ
Super Top-Up Health Insurance के तहत अस्पताल में भर्ती होने, डेकेयर प्रक्रियाओं, घर पर अस्पताल जैसी चिकित्सा सुविधा और आयुष उपचार को शामिल किया गया है। इसके अलावा निर्धारित आधुनिक उपचार भी पॉलिसी की शर्तों के अनुसार कवर हो सकते हैं। हालांकि, वास्तविक कवरेज, डिडक्टिबल और दावे की शर्तें संबंधित बीमा पॉलिसी के नियमों पर निर्भर करेंगी। योजना का उद्देश्य सेवानिवृत्ति बचत और अतिरिक्त स्वास्थ्य सुरक्षा को एक ढांचे में जोड़ना है।