देश में पारंपरिक परिचय सम्मेलनों का स्वरूप बदल रहा है और अब इनमें ग्लोबल मैचमेकिंग का ट्रेंड तेजी से उभर रहा है। विदेशों में नौकरी, कारोबार या स्थायी निवास बनाए युवाओं के पंजीयन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अभिभावक भी भारतीय मूल्यों से जुड़े जीवनसाथी की चाहत के चलते ऐसे आयोजनों का रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में राजधानी में आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय परिचय सम्मेलन में रिकॉर्ड स्तर पर एनआरआई युवाओं का पंजीयन हो रहा है।
ग्लोबल मैचमेकिंग की डिमांड बढ़ी
परिचय सम्मेलनों में रिश्तों की तलाश लंबे समय से होती आई है, लेकिन अब इसमें एक नया रुझान देखने को मिल रहा है। विदेशों में बसे युवा अपने जीवनसाथी को भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा देखना चाहते हैं। वहीं माता-पिता भी चाहते हैं कि बच्चों को परंपरागत संस्कारों से जुड़े साथी मिलें। यही कारण है कि ऐसे आयोजनों में एनआरआई युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
13 से 15 दिसंबर तक होगा परिचय सम्मेलन
राजधानी के जवाहर चौक स्थित जैन मंदिर में 13 से 15 दिसंबर तक तीन दिवसीय परिचय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश और विदेश से बड़ी संख्या में युवा पंजीयन करा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार अब तक 4175 पंजीयन पूरे हो चुके हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, यूएसए, यूके और अन्य देशों के प्रतिभागी शामिल हैं।
उच्च शिक्षित युवाओं की बड़ी भागीदारी
इस बार पंजीयन में उच्च शिक्षित युवाओं का बोलबाला है। पंजीकरण सूची में
100+ चार्टर्ड अकाउंटेंट,
200+ डॉक्टर,
1000+ इंजीनियर,
50+ एडवोकेट,
20+ कंपनी सेक्रेटरी
जैसे पेशेवर शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि यह आयोजन अब क्वालिफ़ाइड और ग्लोबल प्रोफाइल वाले युवाओं का बड़ा प्लेटफॉर्म बन गया है।
किस देश से कितने पंजीयन
यूएसए – 27
कनाडा – 6
आयरलैंड – 5
जर्मनी – 3
ऑस्ट्रेलिया – 5
इटली – 1
नार्वे – 1
स्वीडन – 1
मलेशिया – 1
अन्य – 11
एनआरआई पंजीयन की यह बढ़ोतरी बताती है कि भारतीय समुदाय दुनिया के किसी भी कोने में हो, लेकिन विवाह के लिए भारतीय मूल्यों से जुड़े रिश्तों की चाह लगातार मजबूत हो रही है।