अयोध्या। रामनगरी अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद के बीच नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की टीम अयोध्या पहुंची। टीम ने रामजन्मभूमि परिसर में सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा इंतजाम और संभावित चुनौतियों की जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक एनएसजी की ओर से मंदिर की सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के सामने प्रेजेंटेशन भी दिया गया।
बैठक में परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों और किसी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। टीम ने सुरक्षा तंत्र से संबंधित अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। एनएसजी के अयोध्या दौरे को क्षेत्र में प्रस्तावित सुरक्षा ढांचे के विस्तार से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, अयोध्या में एनएसजी का क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने की तैयारी पहले से चल रही है। प्रदेश सरकार ने मिल्कीपुर तहसील में करीब 26 हेक्टेयर यानी 65 एकड़ भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के लिए निशुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। सरकार के अनुसार केंद्र बनने से अयोध्या धाम और राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही किसी संभावित सुरक्षा चुनौती के दौरान एनएसजी की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी। टीम के मौजूदा दौरे को इसी व्यापक सुरक्षा योजना की कड़ी माना जा रहा है।